बिलासपुर, 17 जुलाई। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
शुक्रवार को जिले में औसतन 74.7 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जिससे शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। सबसे अधिक असर बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर देखने को मिला, जहां स्टेशन परिसर और रेल की पटरियां पूरी तरह पानी में डूब गईं। चारों ओर सिर्फ पानी ही पानी नजर आने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
लगातार बारिश के कारण शहर के कई निचले इलाकों में तीन से चार फीट तक पानी भरने की सूचना है। हालात की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर संजय अग्रवाल ने अपनी सभी निर्धारित बैठकें रद्द कर दी हैं और प्रशासनिक अधिकारियों को तत्काल फील्ड में उतरकर राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी करने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर ने बताया कि जहां जलभराव अधिक है, वहां लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए रेस्क्यू टीमों को अलर्ट पर रखा गया है। नगर निगम और जनपद पंचायत के अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों का लगातार निरीक्षण करने तथा जलभराव वाले स्थानों की निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा लोक निर्माण एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों को सड़कों, पुल-पुलियों, नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों का निरीक्षण कर पानी के बहाव का आकलन करने के लिए कहा गया है। जिन स्थानों पर दुर्घटना की आशंका है, वहां तत्काल बैरिकेडिंग और अन्य सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि अनावश्यक रूप से जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन द्वारा जारी हेल्पलाइन पर तत्काल सूचना दें। लगातार हो रही बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और हालात पर नजर बनाए हुए है।




