रायपुर, 23 जुलाई। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव भूपेश बघेल ने रायपुर में भाजपा द्वारा कांग्रेस मुख्यालय के घेराव और प्रदर्शन को लेकर सोशल मीडिया मंच एक्स पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने भाजपा पर लोकतांत्रिक मर्यादाओं का उल्लंघन करने और कांग्रेस कार्यालय पर सुनियोजित हमला करने का आरोप लगाया।
श्री बघेल ने अपनी पोस्ट में लिखा कि भाजपा नेताओं को “हद में रहना चाहिए”। उनका आरोप है कि घेराव के नाम पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस मुख्यालय पर हमला किया तथा राज्य सरकार के मंत्री भी इसमें शामिल रहे। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यालय और कार्यकर्ताओं पर पत्थर फेंके गए, जबकि पुलिस ने पानी की बौछारें छोड़ीं।
पूर्व मुख्यमंत्री के अनुसार, इस घटनाक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता घायल हुए और कई पत्रकारों को भी चोटें आईं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ ही प्राथमिकी दर्ज कर ली।
भूपेश बघेल ने कहा कि यह पूरी घटना पुलिस के संरक्षण में “भाजपा सरकार” द्वारा कराया गया सुनियोजित हमला था। उन्होंने इसकी तुलना दिल्ली में छात्रों के साथ हुई कथित कार्रवाई से भी की।
अपने बयान के अंत में बघेल ने छत्तीसगढ़ पुलिस के अधिकारियों को संबोधित करते हुए लिखा कि भाजपा से निपटना कांग्रेस जानती है, लेकिन पुलिस अधिकारी यह ध्यान रखें कि “भाजपा कुछ ही महीनों की मेहमान है, फिर मिलेंगे।”




