होम खास ख़बर पेपर लीक विवाद के बीच शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा, एक्स...

पेपर लीक विवाद के बीच शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा, एक्स पर साझा किया त्यागपत्र

0

नई दिल्ली, 25 जुलाई। पेपर लीक और NEET-UG परीक्षा विवाद को लेकर छात्रों के विरोध प्रदर्शन तथा विपक्ष के लगातार बढ़ते दबाव के बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर अपना त्यागपत्र साझा करते हुए इसकी जानकारी सार्वजनिक की।

     अपने बयान में धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि वे पिछले चार दशकों से शिक्षा और छात्र हितों के लिए समर्पित रहे हैं तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सेवा करने का अवसर उनके लिए गौरव की बात रही है। उन्होंने कहा कि NEET-UG परीक्षा में सामने आई अनियमितताओं के बाद केंद्र सरकार ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मामले की जांच सीबीआई को सौंपी और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए।

      अपने पत्र में उन्होंने लिखा कि हाल के घटनाक्रम से वे अत्यंत व्यथित हैं। उनका कहना था कि जंतर-मंतर सहित देश के विभिन्न हिस्सों में बने माहौल का कोई राष्ट्रविरोधी तत्व लाभ न उठा सके और विद्यार्थियों का भविष्य कानूनी जटिलताओं में न फंसे, इसी उद्देश्य से उन्होंने प्रधानमंत्री को अपना त्यागपत्र भेजा है।

       धर्मेंद्र प्रधान ने अपने संदेश में यह भी कहा कि देश की युवा शक्ति ही भारत का भविष्य है और उसे किसी भी प्रकार के भ्रम या भटकाव से बचाना आवश्यक है। उन्होंने प्रभु श्री जगन्नाथ का स्मरण करते हुए राष्ट्रसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

        उल्लेखनीय है कि इस्तीफे की घोषणा से पहले धर्मेंद्र प्रधान ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला था। उन्होंने आरोप लगाया था कि विपक्ष छात्रों के मुद्दे का राजनीतिक लाभ उठाने का प्रयास कर रहा है। वहीं कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल लगातार जंतर-मंतर से लेकर संसद तक शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग कर रहे थे।