नई दिल्ली, 28 जुलाई। कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर युवाओं के आंदोलन के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऐसे व्यक्ति को देश का शिक्षा मंत्री बनाया है, जिस पर उन्होंने बलात्कारियों का बचाव करने का आरोप लगाया।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि “बलात्कारियों का बचाव करने वाले से अधिक गंदा व्यक्ति कोई नहीं हो सकता। प्रह्लाद जोशी हमारे शिक्षा तंत्र और उसमें पढ़ने वाले हर छात्र का अपमान हैं। देश की करोड़ों छात्राएं उन संस्थानों में पढ़ती हैं जिनकी जिम्मेदारी अब उनके पास है। भारत की महिलाएं प्रधानमंत्री मोदी के नए शिक्षा मंत्री को कभी स्वीकार नहीं करेंगी।”
संसद परिसर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान राहुल गांधी ने कहा कि देश में शिक्षा प्रणाली में सुधार को लेकर युवाओं के प्रदर्शन के बाद भारतीय जनता पार्टी ने ऐसे व्यक्ति को शिक्षा मंत्री बनाया है, जो उनके अनुसार बलात्कारियों का बचाव करता है। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति बलात्कार के आरोपियों को सुरक्षा दिए जाने की बात करता है, उससे अधिक शर्मनाक कोई नहीं हो सकता।
कांग्रेस नेता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उनके मंत्रिमंडल में कई योग्य लोग मौजूद थे, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने ऐसे व्यक्ति को शिक्षा मंत्री चुना, जिस पर वह बलात्कारियों का बचाव करने का आरोप लगा रहे हैं। राहुल गांधी ने इसे हैरान करने वाला और दुर्भाग्यपूर्ण निर्णय बताया।




