नई दिल्ली, 11 अगस्त। कांग्रेस ने मंगलवार को आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) युवा मोर्चा के लोगों को ट्रकों में भरकर झारखंड भेजा जा रहा है और राज्य में चल रहे छात्रों के ‘अहिंसक आंदोलन’ को अलग रंग देने की कोशिश की जा रही है।
कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक वीडियो साझा कर यह आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि झारखंड में चल रहे आंदोलन में ‘‘फर्जी भीड़’’ भेजकर उसे बड़ा दिखाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि केंद्र सरकार के खिलाफ पैदा हुए जन आक्रोश को कमतर किया जा सके।
वेणुगोपाल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार को ‘‘भारत की जनता को मूर्ख समझना और बनाना बंद’’ करना चाहिए।
कांग्रेस नेता ने कहा कि पिछले महीने हुई घटनाएं ‘‘सिर्फ ट्रेलर’’ थीं और देश के युवाओं तथा छात्रों को पता है कि उनके भविष्य को सरकार की ‘‘विफल नीतियों’’ ने नुकसान पहुंचाया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड के नौजवानों की आड़ में राजनीतिक लाभ उठाने की कोशिश की जा रही है। वेणुगोपाल ने कहा कि देश में इस तरह की ‘‘साजिशों’’ के लिए कोई जगह नहीं है।




