बाबर आजम पाकिस्तान टेस्ट टीम के कप्तान के तौर पर लौट आए हैं। उन्होंने वेस्टइंडीज दौरे पर टीम की कप्तानी की थी। अब उनके सामने इंग्लैंड की चुनौती होगी। टेस्ट सीरीज के लिए पाकिस्तान इंग्लैंड का दौरा करेगी, लेकिन इस दौरे को लेकर पाकिस्तान के पूर्व कप्तान राशिद लतीफ को एक डर सता रहा है।
पाकिस्तान को इंग्लैंड में तीन मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है। सीरीज का पहला मैच लीड्स के हेडिंग्ले में 19 अगस्त से शुरू होगा। दूसरे मैच की मेजबानी लंदन का लॉर्ड्स स्टेडियम करेगा। ये मैच 27 अगस्त से शुरू होगा। नौ सितंबर से तीसरा और आखिरी मैच एजबेस्टन में खेला जाएगा।
इंग्लिश मीडिया से रखना दूर
इंग्लैंड दौरे से पहले लतीफ ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) और टीम मैनेजमेंट से अपील करते हुए कहा है कि बाबर को इंग्लैंड की मीडिया से दूर रखा जाए। लतीफ ने जियो न्यूज से बात करते हुए कहा, “इंग्लैंड का दौरा मुश्किल होता है। इंग्लिश मीडिया कोशिश करती है कि वह आपको अपनी फालतू स्टोरीज में बेवजह घसीटे।”
उन्होंने कहा, “बाबर आजम एक अनुभवी खिलाड़ी है। इसलिए पीसीबी के लिए ये बेहतर होगा कि वह उन्हें इंग्लिश मीडिया से दूर रखे और पूर्व कप्तान शान मसूद को मीडिया से ज्यादा बात करने के लिए भेजे। मसूद के पास इंग्लैंड में खेलने और इंग्लिश मीडिया से डील करने का अनुभव है।”
पाकिस्तान की हालत खराब
पाकिस्तान क्रिकेट टीम की इस समय हालत खराब है। टीम टेस्ट में काफी पीछे है और उसका टेस्ट चैंपिनशिप के फाइनल में जाना बेहद मुश्किल लग रहा है। बाबर के आने के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि वह टीम की स्थिति में सुधार करेंगे। हालांकि, बाबर पहले भी कप्तान रह चुके हैं और तब भी पाकिस्तान टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल नहीं खेल पाई थी।
बाबर को पाकिस्तानी टीम में किंग कहा जाता है, लेकिन बतौर कप्तान वह टीम को खिताबी सफलता नहीं दिल पाए हैं। एक बार पाकिस्तान लौटकर बाबर की तरफ आया है जो बताता है कि इस देश की क्रिकेट में किस स्तर का लीडरशिप संकट है।




