होम छत्तीसगढ़ नक्सलवाद से लेकर पीएम आवास तक, विजय शर्मा का कांग्रेस पर तीखा...

नक्सलवाद से लेकर पीएम आवास तक, विजय शर्मा का कांग्रेस पर तीखा हमला

0

रायपुर, 23 अगस्त। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने नक्सलवाद, प्रधानमंत्री आवास योजना, सौरभ चंद्राकर प्रकरण और जेल सुधार सहित विभिन्न मुद्दों पर सरकार का पक्ष रखते हुए कांग्रेस पर जनता को भ्रमित करने का आरोप लगाया।

      नक्सलवाद के मुद्दे पर विजय शर्मा ने कहा कि कांग्रेस ने वर्ष 2023 में नक्सलवाद से लड़ने के लिए नीति बनाई थी और सितंबर 2023 में प्रधानमंत्री आवासों की स्वीकृति भी तत्कालीन कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में हुई थी। उन्होंने कांग्रेस से सवाल किया कि जिस व्यक्ति का रोल मॉडल हिड़मा हो, वह नक्सलवाद को कैसे खत्म कर सकता है। शर्मा ने आरोप लगाया कि जिन लोगों के दिमाग में नक्सलवाद हो, वे इसके खात्मे की बात कैसे कर सकते हैं।

      उप मुख्यमंत्री ने पूर्व केंद्रीय मंत्री पी. चिदंबरम पर भी नक्सलियों को अप्रत्यक्ष समर्थन देने का आरोप लगाया। उन्होंने कांग्रेस से सवाल किया कि हिड़मा उनका रोल मॉडल कैसे हो सकता है और नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई को लेकर उसकी नीति क्या है।

सौरभ चंद्राकर मामले में दोषियों पर कार्रवाई का दावा

     सौरभ चंद्राकर की सुरक्षा और उसे छत्तीसगढ़ लाए जाने के सवाल पर गृह मंत्री ने कहा कि इस मामले में केंद्र की जांच एजेंसियां काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि आरोपी को छत्तीसगढ़ लाया जाएगा और जो भी दोषी पाए जाएंगे, उन्हें जेल भेजा जाएगा।

     पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के ‘बहुत लोग एक्सपोज होंगे’ वाले बयान पर विजय शर्मा ने पलटवार करते हुए कहा कि भूपेश बघेल को स्पष्ट करना चाहिए कि वह आखिर क्या चाहते हैं और क्या एक्सपोज नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि मामले में कोई भी व्यक्ति शामिल हो, निष्पक्ष जांच होगी और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से जांच के परिणाम आने तक धैर्य रखने की अपील की।

प्रदेश में खुलेंगे 12 ओपन जेल

       विजय शर्मा ने प्रदेश में ओपन जेल शुरू करने की सरकार की योजना की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुरूप छत्तीसगढ़ में 12 ओपन जेल खोले जाएंगे। इन जेलों में रहने वाले कैदियों को सुबह और शाम अपनी हाजिरी देनी होगी।

      उन्होंने बताया कि बेमेतरा में ओपन जेल का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है, जबकि प्रदेश की अन्य जेलों में भी इस दिशा में काम आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार कानून-व्यवस्था, नक्सलवाद और जेल सुधार सहित विभिन्न क्षेत्रों में लगातार काम कर रही है तथा दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

पीएम आवास के आंकड़ों पर कांग्रेस को घेरा

      प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर विजय शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर फिर से भ्रम फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पीएम आवास के संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को लिखे पत्र में 10 लाख 60 हजार आवास पूर्ण होने की जानकारी दी है।

      शर्मा ने कहा कि जब किसी विषय पर तथ्यात्मक चर्चा की स्थिति आती है तो भूपेश बघेल चर्चा में शामिल नहीं होते। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यह स्थिति राहुल गांधी जैसी ही है। उन्होंने दावा किया कि पीएम आवास को लेकर पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के समय तत्कालीन उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने भी भूपेश बघेल को पत्र लिखा था। इसके अलावा विभागीय सचिवों और केंद्र सरकार के मंत्रियों की ओर से भी इस संबंध में पत्राचार किया गया था।

कांग्रेस को खुली बहस की चुनौती

      विजय शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (PMAY-G) के साथ प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत बनाए जा रहे आवासों को भी आवास संबंधी आंकड़ों में शामिल किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस इन आंकड़ों को लेकर जनता के बीच भ्रम की स्थिति पैदा करने का प्रयास कर रही है।

     उप मुख्यमंत्री ने कांग्रेस को पीएम आवास के मुद्दे पर खुली चर्चा की चुनौती देते हुए कहा कि भूपेश बघेल जहां चाहें, जिस मंच पर चाहें, उनसे इस मुद्दे पर चर्चा कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार के पास आवास निर्माण से जुड़े आंकड़े और तथ्य मौजूद हैं तथा किसी भी स्तर पर इनकी चर्चा की जा सकती है।

      प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान विजय शर्मा ने स्पष्ट किया कि सरकार नक्सलवाद के खात्मे, कानून-व्यवस्था मजबूत करने, जेल सुधार और गरीबों के लिए आवास उपलब्ध कराने सहित विभिन्न मुद्दों पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी मामले में राजनीतिक दबाव के बजाय तथ्य और कानून के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।