होम उत्तर प्रदेश सपा सत्ता में आई तो महिलाओं को हर साल 40 हजार: अखिलेश

सपा सत्ता में आई तो महिलाओं को हर साल 40 हजार: अखिलेश

0

लखनऊ, 26 अगस्त। समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को कहा कि 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी भाजपा से अधिक महिलाओं को टिकट देगी। उन्होंने प्रदेश में सपा की सरकार बनने पर महिलाओं के लिए ‘स्त्री सम्मान समृद्धि योजना’ शुरू करने की घोषणा करते हुए हर महिला को सालाना 40 हजार रुपये देने का वादा किया।

      सपा मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में श्री यादव ने भाजपा सरकार पर महिलाओं के मुद्दे पर केवल नारेबाजी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण कानून पारित होने के बावजूद इसे लागू करने में देरी क्यों की जा रही है। उन्होंने मांग की कि आगामी चुनाव में महिला आरक्षण लागू किया जाना चाहिए।

      श्री यादव ने कहा कि महिलाओं का आर्थिक सशक्तीकरण, शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान सपा के एजेंडे का प्रमुख हिस्सा होगा। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित ‘स्त्री सम्मान समृद्धि योजना’ को 2027 के चुनावी घोषणापत्र में शामिल किया जाएगा।

      उन्होंने पिछली सपा सरकार की महिला हेल्पलाइन 1090 और डायल 100 जैसी व्यवस्थाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि महिला सुरक्षा के क्षेत्र में उनकी सरकार के फैसले उदाहरण बने हैं। उन्होंने कहा कि सपा सरकार बनने पर महिलाओं की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

      श्री यादव ने कहा कि इंटरमीडिएट पास करने वाली प्रत्येक लड़की को सपा सरकार में लैपटॉप दिया जाएगा। उन्होंने भाजपा सरकार के टैबलेट वितरण कार्यक्रम पर सवाल उठाते हुए कहा कि केवल उपकरण बांटना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका सही तरीके से काम करना भी जरूरी है। उन्होंने छात्रों के लिए साइकिल योजना को भी दोबारा शुरू करने की बात कही।

     उन्होंने कहा कि सत्ता में आने पर बंद किए गए करीब 26 हजार प्राथमिक विद्यालयों को फिर से खोलने का प्रयास किया जाएगा, ताकि लड़कियों को शिक्षा के लिए दूर न जाना पड़े और उनकी सुरक्षा को लेकर परिवारों की चिंता कम हो।

    अखिलेश ने आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति और महिलाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि महिलाओं की प्रगति के बिना समाज का सर्वांगीण विकास संभव नहीं है।

     मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा 60 वर्ष और उससे अधिक उम्र की महिलाओं के लिए शुरू की गई मुफ्त बस यात्रा योजना पर भी अखिलेश ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि सपा की प्रस्तावित योजनाओं की जानकारी भाजपा तक पहले ही पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं और छात्रों के लिए परिवहन सुविधाओं को सपा भविष्य में भी जारी रखेगी।

     श्री यादव ने कहा कि लखनऊ में विश्वविद्यालय और कॉलेज जाने वाले छात्रों को विशेष कार्ड के माध्यम से मेट्रो में मुफ्त यात्रा की सुविधा देने की योजना भी बनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि सपा का लक्ष्य महिलाओं और छात्राओं में असुरक्षा की भावना को दूर करने के साथ उन्हें शिक्षा, तकनीक और आर्थिक अवसर उपलब्ध कराना है।