होम छत्तीसगढ़ जशपुर के 10 हजार विद्यार्थियों की होगी स्क्रीनिंग, ‘अंतरिक्ष संगवारी’ पहल शुरू

जशपुर के 10 हजार विद्यार्थियों की होगी स्क्रीनिंग, ‘अंतरिक्ष संगवारी’ पहल शुरू

0

जशपुर, 27 अगस्त। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज कैम्प कार्यालय बगिया में विद्यार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान से जोड़ने और उनमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के उद्देश्य से ‘अंतरिक्ष संगवारी’ अंतरिक्ष यात्री प्रशिक्षण पहल का शुभारंभ किया।

      जिला प्रशासन जशपुर और IDYM Foundation के संयुक्त तत्वावधान में शुरू की गई इस पहल में कक्षा 8वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान, अंतरिक्ष यात्रा और अंतरिक्ष यात्री प्रशिक्षण की जानकारी दी जाएगी।

      मुख्यमंत्री साय ने कहा कि जशपुर के विद्यार्थियों में प्रतिभा और सीखने की क्षमता है। उन्हें उचित मार्गदर्शन और आधुनिक वैज्ञानिक संसाधन उपलब्ध कराकर विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ाया जा सकता है। ‘अंतरिक्ष संगवारी’ विद्यार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान को केवल पुस्तकों तक सीमित रखने के बजाय उसे करीब से समझने और अनुभव करने का अवसर देगी।

10 हजार विद्यार्थियों की स्क्रीनिंग

      कार्यक्रम में जशपुर जिले के सभी आठ विकासखंडों को शामिल किया गया है। कक्षा 8वीं से 12वीं तक के करीब 10 हजार विद्यार्थियों की स्क्रीनिंग की जाएगी। परीक्षा, मूल्यांकन और साक्षात्कार के विभिन्न चरणों के बाद अंतरिक्ष विज्ञान में रुचि रखने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा।

      यह पहल भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन एवं अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला के सहयोग से संचालित की जा रही है। चयनित विद्यार्थियों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के बाद बेंगलुरु यात्रा भी प्रस्तावित है, जहां उन्हें अंतरिक्ष एवं विज्ञान से जुड़े संस्थानों और गतिविधियों को समझने का अवसर मिलेगा। इस दौरान विद्यार्थियों की शुभांशु शुक्ला से संवाद की भी योजना है।

15 सितंबर तक पंजीयन

      कार्यक्रम के लिए पंजीयन की अंतिम तिथि 15 सितंबर 26 निर्धारित की गई है। परीक्षा 26 सितंबर को होगी, जबकि 27 से 29 सितंबर तक मूल्यांकन और साक्षात्कार आयोजित किए जाएंगे।

      चयनित विद्यार्थियों का विशेष प्रशिक्षण 1 से 7 अक्टूबर तक रायपुर में होगा। इसके बाद 15 अक्टूबर से बेंगलुरु यात्रा प्रस्तावित है। कार्यक्रम का समापन 26 अक्टूबर 2026 को पुरस्कार समारोह के साथ होगा।

      मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सरकार का उद्देश्य दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी आधुनिक विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध कराना है। ‘अंतरिक्ष संगवारी’ के माध्यम से जशपुर के बच्चों को वैज्ञानिक सोच विकसित करने और भविष्य में विज्ञान, अनुसंधान तथा अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में करियर बनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

     कार्यक्रम में मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी कौशल्या साय, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेंद सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक कुमार सहित स्व-सहायता समूहों की महिलाएं और अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।