रायपुर, 27 अगस्त। छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने प्रदेशवासियों को रक्षाबंधन पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय सामाजिक व्यवस्था पूरे विश्व के लिए प्रेरणादायी है और भाई-बहन का रिश्ता हमारी संस्कृति में प्रेम, विश्वास और आत्मीयता का अनूठा प्रतीक है।
अपने शुभकामना संदेश में डॉ.सिंह ने कहा कि रक्षाबंधन भावनाओं और संवेदनाओं से जुड़ा पर्व है। भाई-बहन के स्नेह, श्रद्धा और विश्वास के धागे से बंधा यह त्योहार रिश्तों में अपनत्व और प्रेम को मजबूत करने का संदेश देता है।
उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन सनातन संस्कृति की समृद्ध परंपरा का श्रेष्ठ उदाहरण है, जो विश्व स्तर पर भारतीय सामाजिक व्यवस्था को विशिष्ट पहचान प्रदान करता है। यह पर्व केवल भाई-बहन के रिश्ते तक सीमित नहीं है, बल्कि आपसी प्रेम, सद्भाव और सामाजिक समरसता की भावना को भी मजबूत करता है।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि रक्षाबंधन को देश के विभिन्न जाति और धर्मों के लोग उत्साहपूर्वक मनाते हैं। इसकी व्यापक स्वीकार्यता इस पर्व की सामाजिक महत्ता और सर्वव्यापकता को दर्शाती है। उन्होंने प्रदेशवासियों से रक्षाबंधन के अवसर पर आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भाव की भावना को और मजबूत करने का आह्वान किया।




