होम छत्तीसगढ़ साय का सेवा संकल्प अभियान में जनकल्याण और जनभागीदारी पर जोर

साय का सेवा संकल्प अभियान में जनकल्याण और जनभागीदारी पर जोर

0

रायपुर, 10 सितंबर। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा है कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाला ‘सेवा संकल्प अभियान’ जनकल्याण और जनभागीदारी का व्यापक अभियान बने। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, रोजगार और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी गतिविधियों का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जाए।

      सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर आयोजित कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियान के प्रत्येक कार्यक्रम के केंद्र में आम नागरिक और उसकी जरूरतें होनी चाहिए। पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने, युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने, स्वास्थ्य सेवाओं को लोगों के करीब पहुंचाने और जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण पर विशेष ध्यान दिया जाए।

      मुख्यमंत्री ने सभी जिला कलेक्टरों को अभियान की तैयारियों की नियमित समीक्षा करने तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ कार्यक्रमों के संचालन के निर्देश दिए। उन्होंने अभियान की गतिविधियों की पूर्व सूचना आम नागरिकों तक पहुंचाने और अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने को कहा।

सेवा सेतु शिविरों में मौके पर मिलेगा योजनाओं का लाभ

      मुख्यमंत्री ने ‘सेवा सेतु’ शिविरों को प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया। चयनित गांवों में स्वास्थ्य शिविरों के साथ विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र हितग्राहियों की पहचान कर उन्हें योजनाओं से जोड़ा जाएगा। उनकी समस्याओं का यथासंभव मौके पर निराकरण किया जाएगा।

      शिविरों में आवेदन प्राप्त करने के लिए काउंटर बनाए जाएंगे और आवेदनों की डिजिटल मॉनिटरिंग की जाएगी। जिन समस्याओं का तत्काल समाधान संभव नहीं होगा, उनकी साप्ताहिक समीक्षा कर निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने शिविरों से पहले ही संभावित पात्र हितग्राहियों की पहचान करने और ग्रामीणों को शिविरों की जानकारी समय पर देने के निर्देश दिए।

रोजगार मेलों के जरिए युवाओं को अवसर

       मुख्यमंत्री ने कौशल विकास विभाग द्वारा आयोजित रोजगार मेलों को भी सेवा संकल्प अभियान से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रोजगार मेलों के माध्यम से अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार से जोड़ा जाए। युवाओं से आवेदन प्राप्त करने से लेकर चयन और नियुक्ति तक की प्रक्रिया प्रभावी ढंग से पूरी की जाए तथा चयनित युवाओं को शिविरों में नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएं।

आंगनबाड़ियों में पोषण और सहभागिता पर जोर

      अभियान के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘आंगन मिलन’ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता, ‘मेरी पौष्टिक थाली’, चित्रकला प्रतियोगिता, न्योता भोज तथा फल एवं मिठाई वितरण जैसी गतिविधियां शामिल होंगी।

      मुख्यमंत्री ने पोषण चौपालों में अधिक से अधिक माता-पिता की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। महतारी वंदन योजना का लाभ लेकर उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली महिलाओं को सम्मानित भी किया जाएगा।

      मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान की सफलता तभी मानी जाएगी, जब इसका लाभ सीधे लोगों तक पहुंचे। जरूरतमंदों को स्वास्थ्य सुविधाएं मिलें, पात्र परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिले, युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त हों तथा स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण में समाज की सक्रिय भागीदारी बढ़े।

     बैठक में मुख्य सचिव श्री विकास शील, अपर मुख्य सचिव श्री मनोज पिंगुआ, अपर मुख्य सचिव श्रीमती ऋचा शर्मा, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री सुबोध कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव श्री पी. दयानंद सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।