रायपुर, 10 सितंबर। कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत बिलासपुर संभाग के ब्लॉक अध्यक्षों एवं मास्टर ट्रेनर्स के तृतीय चरण के प्रशिक्षण शिविर का गुरुवार को शुभारंभ हुआ। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत और छत्तीसगढ़ कांग्रेस की सह-प्रभारी जरिता लैतफ्लांग ने दीप प्रज्वलित कर प्रशिक्षण शिविर का विधिवत उद्घाटन किया।
इस अवसर पर प्रदेश प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम में कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं की भूमिका को अधिक प्रभावी करने और पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण एवं विचार-विमर्श किया गया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने अपने स्वागत भाषण में संगठन की मजबूती को पार्टी की प्राथमिकता बताते हुए प्रशिक्षण की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने और जनता से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने का आह्वान किया।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य में धर्म और धर्मनिरपेक्षता के विषय पर मार्गदर्शन दिया। पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू ने सत्ता एवं संगठन के बीच समन्वय, दिशा और रणनीति से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
प्रशिक्षण के दौरान युगल पांडे ने परिचय प्रशिक्षण की भूमिका एवं संगठन सृजन अभियान की सार्थकता पर विचार रखे। वहीं भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के गठन, उसके उत्थान तथा देश के विकास में कांग्रेस के योगदान पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
शिविर में संगठन को बूथ एवं ब्लॉक स्तर तक अधिक प्रभावी बनाने, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों को स्पष्ट करने, संगठनात्मक समन्वय बढ़ाने तथा जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने पर विशेष जोर दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान पार्टी की विचारधारा, संगठनात्मक कार्यप्रणाली और वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ संवाद एवं विचार-विमर्श भी हुआ।
कांग्रेस का संगठन सृजन अभियान पार्टी के जमीनी ढांचे को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक रूप से प्रशिक्षित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। बिलासपुर संभाग के इस तृतीय चरण के प्रशिक्षण में ब्लॉक अध्यक्षों एवं मास्टर ट्रेनर्स को संगठन को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन दिया जा रहा है।




