होम छत्तीसगढ़ बारिश में खराब सड़कों पर सीएम साय सख्त, कलेक्टरों को तत्काल सुधार...

बारिश में खराब सड़कों पर सीएम साय सख्त, कलेक्टरों को तत्काल सुधार के निर्देश

0

रायपुर, 14 सितंबर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मानसून के दौरान निर्माणाधीन और क्षतिग्रस्त सड़कों के कारण नागरिकों को हो रही परेशानी को गंभीरता से लेते हुए सभी जिला कलेक्टरों को सड़कों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि बारिश के दौरान सड़क की खराब स्थिति के कारण लोगों को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए।

      मुख्यमंत्री ने अंबिकापुर के खरसिया चौक की खराब सड़क का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद उसका संज्ञान लिया। उन्होंने सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत से दूरभाष पर चर्चा कर मौके की स्थिति की जानकारी ली और तत्काल सड़क का निरीक्षण कर आवश्यक सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए।

     श्री साय ने खरसिया चौक की सड़क पर बने बड़े गड्ढों को भरने, सड़क का समतलीकरण कराने और जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा है। उन्होंने यातायात का दबाव अधिक होने वाले स्थानों पर पुलिस एवं यातायात विभाग के साथ समन्वय कर सुरक्षित और निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

     मुख्यमंत्री ने सभी जिला कलेक्टरों से कहा है कि वे अपने-अपने जिलों में निर्माणाधीन सड़कों की नियमित निगरानी करें और आवश्यकता पड़ने पर स्वयं मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लें। संबंधित विभागों और निर्माण एजेंसियों के साथ समन्वय कर यह सुनिश्चित किया जाए कि निर्माणाधीन सड़कें भी आवागमन के लिए यथासंभव सुरक्षित और सुगम बनी रहें।

     उन्होंने बारिश के दौरान सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। जहां सड़क क्षतिग्रस्त होने, निर्माण कार्य, पुल-पुलिया के आसपास कटाव, जलभराव या अन्य कारणों से आवागमन प्रभावित होने अथवा दुर्घटना की आशंका हो, वहां तत्काल सुरक्षात्मक उपाय किए जाएं।