रायपुर, 17 सितंबर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा है कि उनका स्नेह और मार्गदर्शन छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा को निरंतर नई ऊर्जा और दिशा देता रहा है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर यह प्रतिक्रिया प्रधानमंत्री कार्यालय द्वारा छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा और विशेष रूप से बस्तर में आए बदलाव को रेखांकित किए जाने के बाद दी।
प्रधानमंत्री कार्यालय ने मुख्यमंत्री साय के आलेख को साझा करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा इस बात का उदाहरण है कि देश की प्रगति अब केवल महानगरों और बड़े शहरों तक सीमित नहीं है। बस्तर में आया बदलाव बताता है कि विकास की मुख्यधारा से जुड़कर जनजातीय समाज भी तेजी से आगे बढ़ रहा है।
अपने आलेख में मुख्यमंत्री साय ने प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की यात्रा को सेवा, सुशासन, अंत्योदय और राष्ट्र निर्माण से जोड़ते हुए छत्तीसगढ़ तथा बस्तर में हो रहे बदलाव का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि बस्तर अब शांति, विकास, पर्यटन और नई संभावनाओं की ओर बढ़ रहा है। सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य और डिजिटल सुविधाओं के विस्तार से दूरस्थ जनजातीय क्षेत्र विकास की मुख्यधारा से जुड़ रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में छत्तीसगढ़ अपनी मेहनत, प्राकृतिक संसाधनों और प्रतिभा के बल पर मजबूत भागीदारी निभाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य का संकल्प ऐसा विकास सुनिश्चित करना है, जिसमें समृद्धि के साथ संस्कृति, आधुनिकता के साथ परंपरा और प्रगति के साथ प्रकृति का संतुलन बना रहे।




