रायपुर, 17 सितंबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर छत्तीसगढ़ में बड़े पैमाने पर दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। बैज ने मीडिया रिपोर्टों का हवाला देते हुए कहा कि प्रदेश में करीब 40 लाख दीये जलाने की तैयारी की गई, जबकि अकेले रायपुर में करीब 25 लाख दीयों का कार्यक्रम आयोजित किए जाने का दावा किया गया।
श्री बैज ने आज यहां जारी बयान में कहा कि कांग्रेस किसी के जन्मदिन मनाने का विरोध नहीं कर रही है, लेकिन सवाल यह है कि क्या किसी राजनीतिक कार्यक्रम को सरकारी आयोजन का रूप देकर जनता के संसाधनों का इस्तेमाल किया गया। उन्होंने सरकार से आयोजन में हुए कुल खर्च, दीयों और तेल की खरीद, परिवहन, सजावट, मंच, बिजली तथा अन्य व्यवस्थाओं पर हुए व्यय का विवरण सार्वजनिक करने की मांग की।
श्री बैज ने आरोप लगाया कि आयोजन में विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों और पंचायत स्तर के अमले को भी लगाया गया। उन्होंने कहा कि सरकारी कर्मचारी जनता को राशन, पेंशन, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास संबंधी सेवाएं देने के लिए हैं, उन्हें राजनीतिक आयोजन में लगाना सरकारी संसाधनों का दुरुपयोग है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने महंगाई का मुद्दा उठाते हुए कहा कि आम परिवार रोजमर्रा की जरूरतों की बढ़ती कीमतों से परेशान है। ऐसे समय में लाखों दीयों में तेल जलाकर जन्मदिन मनाने का आयोजन सरकार की प्राथमिकताओं पर सवाल खड़े करता है।
उन्होंने कहा कि भाजपा प्रधानमंत्री के जन्मदिन को ‘सेवा संकल्प अभियान’ के रूप में मना रही है, जबकि कांग्रेस ने इसे ‘महंगाई-बेरोजगारी दिवस’ के रूप में उठाते हुए जिला मुख्यालयों पर पत्रकार वार्ताएं आयोजित की हैं। बैज ने कहा कि युवाओं को रोजगार, किसानों को उचित मूल्य और आम लोगों को महंगाई से राहत चाहिए।




