होम ब्रेकिंग न्यूज ममता ने 30 सितंबर को दिल्ली में ‘इंडिया’ गठबंधन की बैठक ...

ममता ने 30 सितंबर को दिल्ली में ‘इंडिया’ गठबंधन की बैठक के दिए संकेत

0

हुगली, 26 सितंबर। पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने शनिवार को कहा कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और निर्वाचन आयोग से जुड़े मुद्दों पर चर्चा के लिए ‘इंडिया’ गठबंधन की बैठक जल्द दिल्ली में हो सकती है। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों को इन मुद्दों पर साझा रणनीति बनाने के लिए एक साथ बैठकर चर्चा करनी चाहिए।

     हुगली जिले के श्रीरामपुर में एक रैली को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने बताया कि उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को संदेश भेजकर विपक्षी दलों की बैठक बुलाने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि 30 सितंबर को दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में ‘इंडिया’ गठबंधन की बैठक होने की संभावना है।

     सूत्रों के अनुसार, ममता बनर्जी ने राहुल गांधी से फोन पर भी बातचीत की और जल्द से जल्द गठबंधन की बैठक बुलाने की बात कही। उन्होंने माकपा महासचिव एमए बेबी से भी बातचीत की है। यह कवायद ऐसे समय में हो रही है, जब विपक्षी दल मतदाता सूची के एसआईआर और निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर लगातार सवाल उठा रहे हैं।

     श्रीरामपुर की रैली में ममता बनर्जी ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, “वैनिश कुमार को जाना ही होगा। जब तक वे नहीं जाते, हमारा आंदोलन जारी रहेगा।” उन्होंने निर्वाचन आयोग से कथित तौर पर हटाए गए मतदाताओं के नाम बहाल करने की मांग करते हुए कहा कि किसी को भी मतदाताओं के वोट देने के अधिकार से वंचित करने का अधिकार नहीं है।

     ममता बनर्जी ने एसआईआर प्रक्रिया को रद्द करने और आगामी चुनाव पुरानी मतदाता सूची के आधार पर कराने की मांग की। उन्होंने यह भी कहा कि जिन लोगों के नाम कथित तौर पर जबरन मतदाता सूची से हटाए गए हैं, उन्हें मुआवजा दिया जाना चाहिए।

    टीएमसी प्रमुख ने आरोप लगाया कि एसआईआर की प्रक्रिया पश्चिम बंगाल को निशाना बनाकर लागू की गई है। उन्होंने दावा किया कि शुरुआत में एसआईआर के तहत करीब 70 लाख नाम हटाए गए थे और उनकी पार्टी के अदालत जाने के बाद 32 लाख नाम वापस जोड़े गए। उनके अनुसार, इसके बावजूद करीब 27 लाख नाम अभी भी सूची से बाहर हैं।