होम छत्तीसगढ़ युवाओं को सेवा और राष्ट्र निर्माण से जोड़ रही ‘वड़नगर से वाराणसी...

युवाओं को सेवा और राष्ट्र निर्माण से जोड़ रही ‘वड़नगर से वाराणसी सेवा यात्रा’

0

रायपुर, 29 सितंबर। भाजपा प्रकोष्ठ संकुल के राष्ट्रीय संयोजक एवं सांसद वी.डी. शर्मा ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित ‘वड़नगर से वाराणसी सेवा यात्रा’ देश के युवाओं को सेवा भावना से जोड़ने और राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रही है।

     श्री शर्मा मंगलवार दोपहर राजधानी रायपुर पहुंचने के बाद पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे। उन्होंने बताया कि वड़नगर से वाराणसी और वाराणसी से वड़नगर के बीच आयोजित यह सेवा यात्रा अपने 13वें दिन में प्रवेश कर चुकी है। यात्रा देश के 10 राज्यों से होकर गुजर रही है और पिछले तीन दिनों से छत्तीसगढ़ में विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए आगे बढ़ रही है।

      उन्होंने कहा कि यात्रा ‘सेवा, जल और जन’ के संकल्प के साथ संचालित की जा रही है। इसमें शामिल युवा समाज के विभिन्न वर्गों से संवाद कर रहे हैं, जनसंपर्क कर रहे हैं और स्थानीय लोगों से उनके सुझाव भी प्राप्त कर रहे हैं। युवाओं का यह प्रयास समाज में सेवा भावना को मजबूत करने के साथ अन्य युवाओं और आम नागरिकों को भी सामाजिक सरोकारों से जुड़ने के लिए प्रेरित कर रहा है।

     श्री शर्मा ने कहा कि यह यात्रा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित की जा रही है। आगामी 7 अक्टूबर को प्रधानमंत्री के जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होंगे। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के जन्मस्थान वड़नगर से उनके कर्मस्थान वाराणसी तक की इस यात्रा में दो धाराएं संचालित हो रही हैं। इनमें से एक यात्रा का समापन वाराणसी में और दूसरी का समापन वड़नगर में होगा।

      उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के विचारों तथा स्वच्छता के संकल्प को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जिस तरह आगे बढ़ाया है, उसी भावना को समाज के बीच ले जाने का प्रयास इस यात्रा के माध्यम से किया जा रहा है। सेवा यात्री पिछले कई दिनों से समर्पित भाव से इस अभियान में जुटे हैं और विभिन्न क्षेत्रों में लोगों के बीच पहुंचकर सेवा एवं सामाजिक जागरूकता का संदेश दे रहे हैं।

      श्री शर्मा ने बताया कि यात्रा के दौरान सेवा यात्री उन बच्चों और परिवारों से भी मुलाकात कर रहे हैं, जो कभी विपरीत परिस्थितियों और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के कारण प्रभावित हुए थे। उन्होंने कहा कि ऐसे परिवारों और बच्चों का मुख्यधारा से जुड़कर बेहतर जीवन की ओर बढ़ना समाज के लिए सकारात्मक बदलाव का संकेत है। यात्रा के माध्यम से युवाओं को ऐसे लोगों से संवाद करने और उनके संघर्षों को समझने का अवसर भी मिल रहा है।

      उन्होंने कहा कि ‘वड़नगर से वाराणसी सेवा यात्रा’ केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि युवाओं को सेवा, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का अभियान है। इसके माध्यम से देशभर में सेवा भावना को मजबूत करने और समाज के विभिन्न वर्गों के बीच संवाद बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।