रायपुर, 29 सितंबर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने बस्तर संभाग में बाढ़ से हुए व्यापक नुकसान को लेकर राज्य सरकार पर राहत एवं बचाव कार्यों में लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि संभाग के 571 गांव बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित हुए हैं और 22 हजार से अधिक लोग इसकी चपेट में आए हैं। बाढ़ से 8 लोगों की मौत होने का भी उन्होंने दावा किया।
श्री बैज ने आज यहां जारी बयान में कहा कि बाढ़ में लोगों के मकान, घरेलू सामान, राशन, कॉपी-किताब और जरूरी दस्तावेज नष्ट हो गए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के हालिया बस्तर और सुकमा दौरे को लेकर कहा कि प्रभावित परिवारों के लिए केवल 10 हजार रुपये की सहायता की घोषणा पर्याप्त नहीं है। सरकार को बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए तत्काल विशेष राहत पैकेज घोषित करना चाहिए।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पिछले वर्ष की बाढ़ में क्षतिग्रस्त सड़कें और पुल-पुलिया अब तक पूरी तरह दुरुस्त नहीं किए गए हैं। उन्होंने सरकार से प्रभावित क्षेत्रों में सड़क, पुल-पुलिया और अन्य बुनियादी ढांचे के पुनर्निर्माण के लिए विशेष पैकेज देने की मांग की।
उन्होंने बारिश के बाद डेंगू, मलेरिया और डायरिया जैसी जलजनित बीमारियों के बढ़ते खतरे पर भी चिंता जताई और स्वास्थ्य विभाग से प्रभावी तैयारी सुनिश्चित करने की मांग की।
श्री बैज ने रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग-भिलाई और रायगढ़ सहित प्रमुख शहरों में जलभराव को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि मानसून से पहले नालों और जल निकासी की सफाई के लिए कितना बजट जारी हुआ और वास्तव में कितना काम हुआ। उन्होंने जलभराव से प्रभावित आम नागरिकों, छोटे व्यापारियों और गरीब परिवारों को तत्काल मुआवजा देने तथा लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदारों पर कार्रवाई की मांग की।




