रायपुर, 1 अक्टूबर। पेंशनरों की विभिन्न समस्याओं और मांगों पर चर्चा के लिए राज्य के प्रमुख पेंशनर संगठनों के प्रतिनिधियों की बैठक 15 अक्टूबर को पेंशन संचालनालय में आयोजित की जाएगी। बैठक में पेंशन संचालक पेंशनरों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ छत्तीसगढ़ के प्रांताध्यक्ष वीरेंद्र नामदेव को भी बैठक में शामिल होने का आमंत्रण मिला है।प्रदेश संगठन मंत्री टी.पी. सिंह ने बताया कि पेंशन संचालनालय ने वीरेंद्र नामदेव सहित अन्य पेंशनर संगठनों के प्रमुखों को एजेंडा के साथ आमंत्रित किया है।
उन्होंने बताया कि 10 जुलाई को भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ के प्रतिनिधिमंडल की मुख्य सचिव विकासशील के साथ 11 सूत्रीय मांगों को लेकर हुई चर्चा के बाद पेंशनरों की समस्याओं के निराकरण की दिशा में पहल शुरू हुई है। इनमें सेवानिवृत्ति के दिन पीपीओ जारी करना, शिक्षा विभाग के पदोन्नत प्राचार्यों के लंबित पेंशन प्रकरणों का निराकरण, न मांग-न जांच प्रमाणपत्र के लिए विशेष शिविर, 80 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क बस यात्रा, संयुक्त संचालक पेंशन एवं जिला पेंशन कार्यालय की स्थापना, पेंशन कल्याण निधि में संशोधन, कैशलेस चिकित्सा सुविधा और पेंशनर्स कल्याण मंडल के गठन जैसी मांगें शामिल हैं।
महासंघ के अनुसार, मुख्य सचिव के साथ चर्चा में पेंशनर संगठनों के साथ पेंशन संचालनालय स्तर पर विस्तृत बैठक कराने पर भी सहमति बनी थी। 15 अक्टूबर की बैठक को इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।




