होम छत्तीसगढ़ राजनांदगांव में नवीन जनपद पंचायत भवन के लिए 1.36 करोड़ रुपये स्वीकृत

राजनांदगांव में नवीन जनपद पंचायत भवन के लिए 1.36 करोड़ रुपये स्वीकृत

0
(फाइल फोटो)

राजनांदगांव, 1 अक्टूबर। राजनांदगांव जनपद पंचायत को जल्द ही आधुनिक और सुविधायुक्त नवीन कार्यालय भवन मिलने का रास्ता साफ हो गया है। विधानसभा अध्यक्ष एवं राजनांदगांव विधायक डॉ. रमन सिंह के आग्रह पर पंचायत संचालनालय ने नवीन जनपद पंचायत भवन निर्माण के लिए 1 करोड़ 36 लाख 42 हजार रुपये की राशि स्वीकृत की है।

राजनांदगांव का वर्तमान जनपद पंचायत भवन लंबे समय से जीर्ण-शीर्ण स्थिति में है। भवन की स्थिति को देखते हुए जनपद पंचायत के जनप्रतिनिधियों और क्षेत्र के नागरिकों द्वारा लंबे समय से नए कार्यालय भवन के निर्माण की मांग की जा रही थी। जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों की इस आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए डॉ. रमन सिंह ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा से नवीन जनपद पंचायत भवन के निर्माण के लिए आवश्यक राशि स्वीकृत करने का आग्रह किया था।

पंचायत संचालनालय द्वारा जारी आदेश में राजनांदगांव के लिए नवीन जनपद पंचायत भवन निर्माण कार्य को शामिल करते हुए 1.36 करोड़ रुपये से अधिक की राशि का आवंटन किया गया है। राशि की स्वीकृति के बाद अब नवीन भवन के निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी।

नवीन जनपद पंचायत भवन के निर्माण से जनपद पंचायत के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों को बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध होगा। इसके साथ ही पंचायत से जुड़े विभिन्न कार्यों के लिए जनपद कार्यालय पहुंचने वाले आम नागरिकों को भी बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। आधुनिक भवन में कार्यालयीन कार्यों के सुचारु संचालन के साथ नागरिकों के लिए आवश्यक सुविधाओं का भी विस्तार होने की उम्मीद है।

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने नवीन जनपद पंचायत भवन के लिए राशि स्वीकृत किए जाने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि राजनांदगांव के जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की लंबे समय से चली आ रही आवश्यकता को देखते हुए नवीन जनपद पंचायत भवन के निर्माण की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम है।

डॉ.सिंह ने कहा कि राजनांदगांव के विकास और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए राज्य सरकार लगातार कार्य कर रही है। नवीन जनपद पंचायत भवन बनने से पंचायत से संबंधित कार्यों के संचालन में सुविधा होगी तथा जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों को बेहतर एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध हो सकेगा।