होम छत्तीसगढ़ बस्तर में बाढ़ से भारी तबाही, बैज ने सरकार से मांगा विशेष...

बस्तर में बाढ़ से भारी तबाही, बैज ने सरकार से मांगा विशेष राहत पैकेज

0

रायपुर, 2 अक्टूबर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने आरोप लगाया कि बस्तर संभाग में लगातार दूसरे वर्ष आई भीषण बाढ़ में मकान, फसल, पशुधन और घरेलू सामान बर्बाद होने के साथ कई सड़कें, पुल-पुलिये और संपर्क मार्ग क्षतिग्रस्त हो गए हैं। उन्होंने सरकार की राहत व्यवस्था को अपर्याप्त बताते हुए व्यापक मुआवजे की मांग की है।

       श्री बैज ने मुख्यमंत्री के बस्तर दौरे को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का केवल औपचारिक दौरा किया और प्रभावित लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए पर्याप्त कदम नहीं उठाए। उन्होंने कहा कि बाढ़ में आठ लोगों की मौत हुई, लेकिन मृतकों के परिजनों के लिए विशेष सहायता की घोषणा नहीं की गई।

        प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि हजारों परिवारों के घर और सामान बर्बाद हुए हैं तथा बड़ी मात्रा में फसल और पशुधन का नुकसान हुआ है। राहत शिविर बंद होने के बाद कई परिवारों के सामने भोजन और जरूरी सामग्री का संकट है। उन्होंने सामाजिक संगठनों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा प्रभावित लोगों को भोजन उपलब्ध कराने का दावा किया।

        श्री बैज ने सरकार से पूर्ण क्षतिग्रस्त मकानों के लिए 5 लाख और आंशिक क्षति पर 1 लाख रुपये मुआवजा देने, फसल नुकसान के लिए 65,100 रुपये प्रति एकड़ की दर से सहायता देने तथा प्रभावित किसानों का कर्ज माफ करने की मांग की। उन्होंने पशुधन और घरेलू सामान के नुकसान का भी बाजार मूल्य के आधार पर मुआवजा देने की मांग की।

       उन्होंने प्रभावित परिवारों को दो माह का अतिरिक्त राशन, बच्चों को कॉपी-किताब व स्कूल बैग, जरूरी दस्तावेज बनाने के लिए शिविर तथा बाढ़जनित संक्रमणों की रोकथाम के लिए विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर लगाने की मांग की। साथ ही पूरे बस्तर संभाग में क्षतिग्रस्त पुल-पुलियों और अन्य बुनियादी ढांचे के पुनर्निर्माण के लिए विशेष राहत पैकेज घोषित करने की मांग की।