रायपुर, 2 अक्टूबर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ की ओर से बलवीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम, बूढ़ापारा में राज्य स्तरीय सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री एवं भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष गजेन्द्र यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। राज्यसभा सांसद एवं संस्था की प्रदेश उपाध्यक्ष लक्ष्मी वर्मा ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।
कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ की पत्रिका ‘प्रयास’ तथा भारत स्काउट्स एवं गाइड्स और यूनिसेफ द्वारा तैयार पुस्तक ‘तारुण्य वार्ता’ का विमोचन किया। ‘तारुण्य वार्ता’ में किशोरियों के मासिक धर्म से जुड़े विषयों पर खुलकर चर्चा और जागरूकता का संदेश दिया गया है। इस दौरान संस्था की नई वेबसाइट का भी लोकार्पण किया गया। विभिन्न जिलों से आए स्काउट्स एवं गाइड्स को उनके उल्लेखनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।
शिक्षा मंत्री यादव ने कहा कि महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा के विचार तथा लाल बहादुर शास्त्री की सादगी और कर्तव्यनिष्ठा आज भी समाज और राष्ट्र का मार्गदर्शन करते हैं। सर्वधर्म प्रार्थना सभा सभी आस्थाओं के सम्मान, प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने का संदेश देती है।
उन्होंने कहा कि स्काउट्स एवं गाइड्स से जुड़े बच्चे और युवा सेवा, अनुशासन तथा सहयोग की भावना को अपने जीवन में अपनाकर राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। भारत की संस्कृति ‘सर्वधर्म समभाव’ और सभी के कल्याण की भावना पर आधारित है। सर्वधर्म प्रार्थना हमें एक-दूसरे के प्रति प्रेम, सद्भाव और सम्मान रखने की प्रेरणा देती है।
श्री यादव ने कहा कि स्काउट-गाइड का उद्देश्य केवल नियमों और प्रतिज्ञाओं को याद करना नहीं, बल्कि उन्हें व्यवहार में उतारना है। स्वयं अनुशासित रहकर ही दूसरों को अनुशासन का संदेश दिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि स्काउट-गाइड बच्चों को प्रकृति से प्रेम और पशु-पक्षियों के प्रति संवेदनशीलता भी सिखाता है। प्रत्येक स्काउट और गाइड को कम से कम एक पौधा लगाने के साथ उसके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा ने कहा कि भारत की विविधता उसकी सबसे बड़ी शक्ति है। अलग-अलग आस्थाओं और परंपराओं के प्रति सम्मान ही सामाजिक सद्भाव और राष्ट्रीय एकता का आधार है। उन्होंने बच्चों और युवाओं से गांधीजी और शास्त्रीजी के आदर्शों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
सर्वधर्म प्रार्थना सभा में महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन एवं विचारों का स्मरण करते हुए शांति, प्रेम, भाईचारे और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया गया। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ के राज्य मुख्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा ने सर्वधर्म समभाव के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य भंडारगृह निगम अध्यक्ष चंदू लाल साहू, औद्योगिक विकास निगम अध्यक्ष राजीव अग्रवाल, नागरिक आपूर्ति निगम अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, राज्य बीज विकास निगम अध्यक्ष चन्द्रहास चंद्राकर, राज्य केश शिल्पी बोर्ड अध्यक्ष गौरी शंकर श्रीवास, विधायक मोती लाल साहू सहित विभिन्न निगम-मंडलों एवं आयोगों के अध्यक्ष तथा अन्य विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।




