रायपुर/नई दिल्ली, 02 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार को नई दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव एवं छत्तीसगढ़ की नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने दोनों नेताओं से हुई मुलाकात की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा की।
मुख्यमंत्री साय ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से उनके नई दिल्ली स्थित आवास पर शिष्टाचार भेंट की। उन्होंने कहा कि नितिन नवीन के नेतृत्व में भाजपा संगठनात्मक रूप से निरंतर सशक्त हो रहा है और राष्ट्रसेवा के संकल्प के साथ नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने भाजपा की राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी से उनके आवास पर मुलाकात कर उन्हें छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी का नया दायित्व मिलने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
श्री साय ने बताया कि मुलाकात के दौरान छत्तीसगढ़ के विकास, डबल इंजन सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और संगठनात्मक विषयों पर चर्चा हुई। विशेष रूप से बस्तर में विकास की नई संभावनाओं और क्षेत्र में हो रहे बदलावों को लेकर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्मृति ईरानी का व्यापक राष्ट्रीय अनुभव, संगठन के प्रति समर्पण और राष्ट्रसेवा की भावना छत्तीसगढ़ में भाजपा संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा जनसेवा के संकल्प को नई मजबूती प्रदान करेगी।




