सुलतानपुर, 4 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर रविवार सुबह हुए सड़क हादसे में शहीद सूबेदार मेजर सत्यवान के पुत्र समेत चार लोगों की मौत हो गई। हादसा हलियापुर थाना क्षेत्र में किलोमीटर 79.6 के पास हुआ, जहां अज्ञात वाहन ने शहीद का पार्थिव शरीर लेकर जा रही एंबुलेंस को टक्कर मार दी।
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के अनुसार, एक एंबुलेंस शहीद सूबेदार मेजर सत्यवान का पार्थिव शरीर लेकर चंडीगढ़ से उनके पैतृक गांव गैला दुधिला, थाना रुद्रपुर, जिला देवरिया जा रही थी। एंबुलेंस में शहीद के पुत्र गौरव सिंह, भाई राजन चौधरी, भतीजे राम समुझ सिंह और चालक जसपाल सवार थे।
रविवार सुबह करीब 8:15 बजे किलोमीटर 79.6 के पास अज्ञात वाहन ने एंबुलेंस को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गौरव सिंह और चालक जसपाल की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल राजन चौधरी और राम समुझ सिंह को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया।
सूचना मिलते ही हलियापुर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है।
शहीद सूबेदार मेजर सत्यवान के पार्थिव शरीर को थाना परिसर में ससम्मान सुरक्षित रखवाया गया है। पुलिस हादसे के लिए जिम्मेदार अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है।




