होम छत्तीसगढ़ निवेश के नए अवसरों की तलाश में सिंगापुर पहुंचे मुख्यमंत्री साय

निवेश के नए अवसरों की तलाश में सिंगापुर पहुंचे मुख्यमंत्री साय

0

रायपुर, 3 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय राज्य में निवेश की संभावनाओं को विस्तार देने के उद्देश्य से आज सिंगापुर पहुंचे। सिंगापुर पहुंचने पर भारत के उच्चायुक्त डॉ. शिल्पक अंबुले ने उनका आत्मीय स्वागत किया।

       भारत सरकार के विदेश मंत्रालय द्वारा प्रथम SING Forum 2026 में सहभागिता के लिए छत्तीसगढ़ को नामित किया गया है। सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन द्वारा आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ को अपनी विकास उपलब्धियों, औद्योगिक संभावनाओं और निवेश के अवसरों को वैश्विक निवेशकों के समक्ष प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।

        मुख्यमंत्री श्री साय फोरम में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस दौरान आयोजित CEO राउंडटेबल में वे सिंगापुर के प्रमुख निवेशकों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ चर्चा करेंगे। बैठक में छत्तीसगढ़ में निवेश की संभावनाओं और विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों को प्रमुखता से सामने रखा जाएगा।

        श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य नई औद्योगिक नीति, प्रचुर प्राकृतिक संसाधनों, मजबूत अधोसंरचना, कुशल मानव संसाधन और उभरते क्षेत्रों की संभावनाओं का लाभ उठाकर छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख निवेश गंतव्यों में स्थापित करना है।

        उन्होंने कहा कि वैश्विक निवेश मानचित्र पर छत्तीसगढ़ की मजबूत पहचान बनाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। सिंगापुर में आयोजित SING Forum 2026 में छत्तीसगढ़ की सहभागिता के माध्यम से राज्य की विकास क्षमता और निवेश अवसरों को अंतरराष्ट्रीय निवेशकों तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर मिलेगा।