होम छत्तीसगढ़ मोदी के 25 साल के जनसेवा कार्यकाल पर कृषि मंत्री नेताम ने...

मोदी के 25 साल के जनसेवा कार्यकाल पर कृषि मंत्री नेताम ने दी बधाई

0

रायपुर, 5 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने पर प्रदेश की जनता की ओर से उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शुरू हुई मोदी की राजनीतिक यात्रा आज देश के प्रधानमंत्री के रूप में निरंतर आगे बढ़ रही है। यह यात्रा सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण का उदाहरण है।

        कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए नेताम ने कहा कि प्रधानमंत्री का छत्तीसगढ़ से विशेष आत्मीय संबंध रहा है। संगठन के दायित्वों के दौरान उन्होंने बस्तर सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया। केंद्र सरकार ने ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मूलमंत्र के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का काम किया है।

        उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक में करीब 25 करोड़ लोग अत्यधिक गरीबी से बाहर आए हैं। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत करीब 81 करोड़ लोगों को निःशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है। जनधन योजना से बैंकिंग सुविधाओं का विस्तार हुआ और डीबीटी के जरिए पारदर्शिता बढ़ी। उज्ज्वला योजना से छत्तीसगढ़ की 39.54 लाख महिलाओं को लाभ मिला, जबकि जल जीवन मिशन के तहत 41.50 लाख ग्रामीण परिवारों तक नल से जल पहुंचाया गया।

         नेताम ने आयुष्मान भारत, मुद्रा योजना, कौशल विकास, स्टार्टअप इंडिया और पीएम विश्वकर्मा योजना को गरीबों, युवाओं और पारंपरिक कारीगरों के सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

         कृषि क्षेत्र का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के 25 लाख 51 हजार किसानों के खातों में अब तक 11,277 करोड़ रुपये से अधिक की सम्मान निधि सीधे अंतरित की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि सिंचाई विस्तार, आधुनिक तकनीक, फसल बीमा और किसान पंजीयन के साथ धान उत्पादक किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।