होम छत्तीसगढ़ कैप्टन स्मित के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए अग्रवाल की अपील

कैप्टन स्मित के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए अग्रवाल की अपील

0

रायपुर, 5 अक्टूबर। रायपुर लोकसभा सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार के शीघ्र एवं पूर्ण स्वास्थ्य लाभ की कामना के लिए मंगलवार, 6 अक्टूबर को शाम 7 से 8 बजे तक हनुमान मंदिरों में सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ और प्रार्थना करने का आह्वान किया है।

       श्री अग्रवाल ने रायपुर लोकसभा क्षेत्र के भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं तथा आम नागरिकों से अपने-अपने क्षेत्रों के हनुमान मंदिरों में एकत्र होकर कैप्टन मच्छार के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करने की अपील की।

       उन्होंने कहा कि विमान में गंभीर संकट के दौरान स्वयं घायल होने के बावजूद कैप्टन मच्छार ने साहस, धैर्य और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए यात्रियों की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका साहस और सूझबूझ पूरे देश के लिए प्रेरणादायी है।

       सांसद ने कहा कि यह किसी राजनीतिक कार्यक्रम का विषय नहीं, बल्कि एक साहसी भारतीय के प्रति कृतज्ञता, संवेदना और शुभकामना व्यक्त करने का अवसर है।

      श्री अग्रवाल स्वयं मंगलवार शाम 7 बजे रायपुर के दूधाधारी मठ, पुरानी बस्ती में कार्यकर्ताओं के साथ सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ करेंगे।