रायपुर, 07 अक्टूबर। नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, परसदा में आगामी 16 से 20 अक्टूबर के बीच होने वाली भारत और जिम्बाब्वे महिला टी-20 क्रिकेट सीरीज को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
सीरीज के तहत तीन अंतरराष्ट्रीय टी-20 मुकाबले खेले जाएंगे। मैचों के सुचारू और सुरक्षित आयोजन को लेकर मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित कर विभिन्न विभागों की तैयारियों की समीक्षा की गई।
बैठक में मुख्य सचिव ने खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारियों को सभी संबंधित विभागों के साथ आवश्यक समन्वय स्थापित कर व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने मैचों के सफल संचालन, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था से जुड़े कार्यों में पुलिस विभाग तथा आयोजक संस्थाओं को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
अंतर-विभागीय समन्वय और स्थानीय स्तर पर व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए रायपुर कलेक्टर की अध्यक्षता में लोकल सपोर्ट कमेटी का गठन किया गया है। समिति में रायपुर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संचालक, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता, एनआरडीए के प्रतिनिधि तथा छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ के प्रतिनिधि शामिल हैं।
दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्टेडियम परिसर में ओपन वाई-फाई की व्यवस्था की जाएगी, जिससे ई-टिकट की स्कैनिंग और प्रवेश प्रक्रिया को सुगम बनाया जा सके। मैचों के टिकट ऑनलाइन उपलब्ध कराए जाएंगे। टिकटों पर स्टेडियम का नाम ‘शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, नवा रायपुर अटल नगर’ स्पष्ट रूप से अंकित रहेगा।
बैठक में स्टेडियम के भीतर खाद्य सामग्री और पेयजल की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। दर्शकों के वाहनों के लिए पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित रखने पर विशेष जोर दिया गया है। टिकट धारकों को निर्धारित अनुपात में पार्किंग पास उपलब्ध कराए जाएंगे।
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए स्टेडियम परिसर के साथ-साथ सभी पार्किंग क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। पुलिस, एनआरडीए, छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ और बीसीसीआई के समन्वय से सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित किया जाएगा। मैच के दौरान भीड़ प्रबंधन और वाहनों की आवाजाही को लेकर आवश्यक ट्रैफिक प्लान तैयार किया जाएगा।
मैचों के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सीएसपीडीसीएल और ऊर्जा विभाग को दी गई है। वहीं, स्वास्थ्य विभाग द्वारा आसपास के अस्पतालों की मैपिंग की जाएगी। आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए आयोजन स्थल पर एम्बुलेंस की तैनाती रहेगी। आपातकालीन चिकित्सा सुविधा और वीवीआईपी आवागमन को ध्यान में रखते हुए ग्रीन कॉरिडोर के लिए मार्ग भी निर्धारित किया गया है।
स्टेडियम परिसर तथा आसपास के क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क की बेहतर उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए बीएसएनएल को आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड की तैनाती, पर्याप्त जल उपलब्धता और आपातकालीन आवागमन मार्गों का चिन्हांकन गृह एवं अग्निशमन विभाग द्वारा किया जाएगा।
अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि मैचों के आयोजन से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए, ताकि दर्शकों, खिलाड़ियों और अन्य आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और तीनों अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों का आयोजन सुचारू रूप से संपन्न कराया जा सके।




