होम खेल जगत छत्तीसगढ़ हॉकी लीग की सभी छह टीमें तैयार, ओलंपियन खिलाड़ी बनेंगे आकर्षण

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग की सभी छह टीमें तैयार, ओलंपियन खिलाड़ी बनेंगे आकर्षण

0

रायपुर, 14 अक्टूबर। राजधानी रायपुर में 21 अक्टूबर से शुरू होने वाली छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के लिए सभी छह फ्रेंचाइजी टीमों के मुख्य प्रशिक्षकों और खिलाड़ियों का चयन पूरा कर लिया गया है। लीग में भारतीय हॉकी के प्रतिष्ठित खिलाड़ियों और ओलंपियन को प्रत्येक टीम में मार्की खिलाड़ी के रूप में शामिल किया गया है। इससे राज्य के उभरते हॉकी खिलाड़ियों को अनुभवी खिलाड़ियों के साथ खेलने और अपनी प्रतिभा को निखारने का महत्वपूर्ण अवसर मिलेगा।

        राज्य शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित इस लीग में राष्ट्रीय स्तर के दिग्गज खिलाड़ियों, ओलंपियनों, स्थानीय प्रतिभाओं और छत्तीसगढ़ के अनुभवी हॉकी खिलाड़ियों का समावेश किया गया है। अनुभवी प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में सभी टीमें खिताब के लिए अपनी चुनौती पेश करेंगी। इस आयोजन से प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को न केवल हॉकी की तकनीक और रणनीतियां सीखने का अवसर मिलेगा, बल्कि बड़े मुकाबलों के दबाव से निपटने और प्रतिस्पर्धात्मक खेल के अनुभव हासिल करने में भी मदद मिलेगी।

       लीग के सभी मुकाबले 21 अक्टूबर से 1 नवंबर तक रायपुर स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में खेले जाएंगे। प्रतिदिन पहला मुकाबला शाम 5.30 बजे और दूसरा मुकाबला शाम 7.30 बजे शुरू होगा। दोनों मुकाबलों के बीच दर्शकों के मनोरंजन के लिए विभिन्न कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। स्टेडियम में दर्शकों का प्रवेश पूरी तरह नि:शुल्क रखा गया है। वहीं, जो दर्शक मैदान में पहुंचकर मैच नहीं देख सकेंगे, वे जियोहॉटस्टार (JioHotstar) पर लीग का सीधा प्रसारण देख सकेंगे।

       प्रतियोगिता के सभी मुकाबलों का संचालन हॉकी इंडिया के अधिकारियों और अधिकृत ऑफिशियल्स की देखरेख में किया जाएगा। इससे प्रतियोगिता में निर्धारित नियमों और मानकों के अनुरूप मुकाबलों का आयोजन सुनिश्चित किया जाएगा।

छह फ्रेंचाइजी टीमों से जुड़े प्रतिष्ठित संस्थान

       छत्तीसगढ़ हॉकी लीग की छह फ्रेंचाइजी टीमों के साथ उद्योग, खनन, ऊर्जा और पर्यटन क्षेत्र के प्रतिष्ठित संस्थान जुड़े हैं। इनमें चक्रधर चैंपियंस की फ्रेंचाइजी जिंदल स्टील लिमिटेड के पास है, जबकि न्यायधानी नाइट्स की फ्रेंचाइजी साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) के पास है।

       इसी तरह राजधानी रॉयल्स की फ्रेंचाइजी श्री बजरंग पावर एंड इस्पात लिमिटेड, मैनपाट टाइगर्स की छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स की सारडा एनर्जी एंड मिनरल्स लिमिटेड तथा बैलाडीला बुल्स की फ्रेंचाइजी एनएमडीसी लिमिटेड के पास है।

       छत्तीसगढ़ हॉकी लीग को प्रदेश में हॉकी के विकास, स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने और घरेलू हॉकी के ढांचे को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। अनुभवी खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों की मौजूदगी से युवा हॉकी खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रतिस्पर्धा का अनुभव मिलेगा। साथ ही, रायपुर में आयोजित होने वाली इस लीग से प्रदेश में हॉकी के प्रति दर्शकों का आकर्षण बढ़ने और खेल संस्कृति को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।