होम छत्तीसगढ़ कार्टून लोकतंत्र और समाज का सशक्त दर्पण : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

कार्टून लोकतंत्र और समाज का सशक्त दर्पण : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

0

रायपुर, 14 अक्टूबर।छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि कार्टून केवल हास्य और मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि लोकतंत्र और समाज का सशक्त दर्पण है। यह गंभीर विषयों, सामाजिक विसंगतियों और जनसरोकारों को हास्य एवं व्यंग्य के जरिए सरल और प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करता है। कई बार जो बात हजारों शब्दों में नहीं कही जा सकती, उसे एक प्रभावशाली कार्टून सहजता से अभिव्यक्त कर देता है।

     मुख्यमंत्री श्री साय राजधानी में कल देर शाम कार्टून वॉच पत्रिका द्वारा आयोजित कार्टून फेस्टिवल-2026 को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कला और साहित्य समाज की चेतना के वाहक हैं और कार्टून कला चित्र, विचार, हास्य तथा व्यंग्य का अनूठा संगम है। एक कार्टूनिस्ट अपने सूक्ष्म अवलोकन और रचनात्मक दृष्टि से सामाजिक घटनाओं को इस तरह प्रस्तुत करता है कि उनका प्रभाव लंबे समय तक लोगों की स्मृति में बना रहता है। लोकतंत्र में कार्टून जनभावनाओं, जनअपेक्षाओं और सामाजिक सरोकारों को अभिव्यक्त करने का महत्वपूर्ण माध्यम भी है।

आर.के. लक्ष्मण के योगदान को किया याद

      मुख्यमंत्री ने भारतीय कार्टून कला की समृद्ध परंपरा का उल्लेख करते हुए प्रख्यात कार्टूनिस्ट आर.के. लक्ष्मण के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि लक्ष्मण का चर्चित ‘कॉमन मैन’ केवल एक कार्टून चरित्र नहीं, बल्कि आम भारतीय की आशाओं, अपेक्षाओं, जिज्ञासाओं और चिंताओं का प्रतीक बन गया। स्वतंत्रता के बाद बदलते भारत और उसकी सामाजिक परिस्थितियों को उन्होंने जिस प्रभावशाली तरीके से चित्रित किया, वह भारतीय पत्रकारिता और कार्टून कला की अमूल्य विरासत है।

युवा प्रतिभाओं को मिले नए अवसर

      मुख्यमंत्री श्री साय ने बस्तर सहित छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों में कार्टून कला को बढ़ावा देने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से दूरस्थ अंचलों की प्रतिभाओं को भी अपनी रचनात्मकता प्रदर्शित करने और इस विधा से जुड़ने का अवसर मिलता है।

      उन्होंने युवा कार्टूनिस्टों का आह्वान किया कि वे अपनी प्रतिभा, कल्पनाशीलता और मौलिकता को निखारते हुए डिजिटल माध्यमों से उपलब्ध नए अवसरों का लाभ उठाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि तकनीक के विस्तार ने रचनात्मक अभिव्यक्ति के अनेक मंच उपलब्ध कराए हैं। युवा कलाकार अपनी विशिष्ट पहचान बनाए रखते हुए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करें।

      मुख्यमंत्री ने जयपुर के प्रख्यात कार्टूनिस्ट अभिषेक तिवारी को कार्टून फेस्टिवल-2026 में लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किए जाने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि किसी कलाकार की दीर्घकालीन साधना और रचनात्मक योगदान का सम्मान पूरी कला विधा का सम्मान है। इससे नई पीढ़ी को बेहतर कार्य करने और उत्कृष्टता की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।

प्रधानमंत्री मोदी की सेवा यात्रा पर आधारित पुस्तक का विमोचन

     कार्यक्रम के दौरान सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के व्यक्तित्व, नेतृत्व और सेवा यात्रा पर आधारित कार्टून कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया गया। मुख्यमंत्री श्री साय ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि कार्टून के माध्यम से किसी व्यक्तित्व और उसकी यात्रा को प्रस्तुत करना अभिव्यक्ति का विशिष्ट और रोचक तरीका है।

     उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ अपनी समृद्ध कला, संस्कृति, साहित्य और रचनात्मक परंपराओं के लिए जाना जाता है। राज्य सरकार इन परंपराओं के संरक्षण और संवर्धन के साथ कलाकारों एवं रचनाकारों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है। कार्टून फेस्टिवल जैसे आयोजन अनुभवी कलाकारों के ज्ञान और युवा प्रतिभाओं की ऊर्जा को एक मंच पर लाकर कला तथा समाज के बीच रचनात्मक संवाद को मजबूत बनाते हैं।

कार्टून वॉच के 30 वर्ष पूरे होने पर बधाई

    मुख्यमंत्री ने कार्टून वॉच पत्रिका के प्रकाशन के 30 वर्ष पूरे होने और 31वें वर्ष में प्रवेश करने पर संपादक त्र्यंबक शर्मा सहित पूरी टीम को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि तीन दशकों तक कार्टून जैसी विशिष्ट रचनात्मक विधा को समर्पित पत्रिका का निरंतर प्रकाशन अपने आप में उल्लेखनीय उपलब्धि है।

     उन्होंने कहा कि कार्टून वॉच ने कार्टून कला के संरक्षण और संवर्धन के साथ देशभर के स्थापित तथा नवोदित कार्टूनिस्टों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए सशक्त मंच उपलब्ध कराया है। पत्रिका का यह योगदान कला जगत के लिए महत्वपूर्ण है।

    सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने भी कार्टून कला के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इसके माध्यम से समाज के गंभीर और संवेदनशील विषयों को व्यंग्य के जरिए सहज एवं सरल रूप में प्रस्तुत किया जा सकता है। उन्होंने कार्टून कला के संरक्षण और संवर्धन के लिए त्र्यंबक शर्मा के प्रयासों की सराहना की तथा कार्टून वॉच के 30 वर्ष पूरे होने पर पूरी टीम को बधाई दी।

   कार्यक्रम में कार्टून वॉच के संपादक त्र्यंबक शर्मा, हिमांशु द्विवेदी सहित जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ पत्रकार, देश के विभिन्न हिस्सों से आए कार्टूनिस्ट, कलाकार और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।