भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच क्रिकेट के अलावा कई बार ऐसे मामले सामने आए, जब किसी विवाद चर्चा अधिक हुई। ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी अपनी आक्रमकता के लिए जाने जाते हैं और कई बार उन्हें खेल भावना का भी मजाक उड़ाते हुए देखा गया है। इसी कड़ी में पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान स्टीव स्मिथ का भी नाम आता है। उन्होंने भारत के खिलाफ एक मैच में कुछ ऐसा किया, जिससे विराट कोहली भी गुस्से से लाल हो गए थे।
स्मिथ ने भारत के खिलाफ आउट होने के बाद रिव्यू के लिए ड्रेसिंग रूम से मदद मांगी थी। इस पर कोहली ने अपना एतराज जताया था और फिर स्मिथ को मैदान से बाहर जाना पड़ा था। हालांकि, बाद में स्मिथ ने इन आरोपों को गलत बताते हुए इसे ब्रेन फेड करार दिया था।
स्टीव स्मिथ का पूरा विवाद
दरअसल, साल 2017 में ऑस्ट्रेलियाई टीम भारत दौरे पर आई थी, जहां पर दोनों टीमों के बीच चार मैचों की टेस्ट सीरीज खेली गई थी। इसका पहला मुकाबला पुणे में खेला गया, जहां टर्निंग पिच पर कंगारुओं ने टीम इंडिया को चौंकाते हुए 333 रनों से मात दी। स्मिथ शानदार फॉर्म में थे और उन्होंने शतक लगाया था। इसके बाद भारतीय टीम पर दबाव था और अगला मैच बेंगलुरु में खेला गया।
ऑस्ट्रेलिया को मैच में जीत के लिए 188 रनों की जरूरत थी। भारत की साख दांव पर लगी हुई थी क्योंकि वे पहला मैच हार चुके थे। इसके बाद दूसरी पारी में स्मिथ को उमेश यादव ने 28 रनों के स्कोर पर एलबीडब्ल्यू आउट कर दिया। इसके बाद स्मिथ ड्रेसिंग रूम की तरफ देखने लगे लेकिन तभी विराट ने दखल दिया और अंपायर के हस्तक्षेप की वजह से उन्हें पवेलियन जाना पड़ा। आमतौर पर जब बल्लेबाज आउट होता है, तो वो अपने बैटिंग पार्टनर से बात करता है लेकिन स्मिथ ड्रेसिंग रूम की तरफ देख रहे थे।
कंगारू खिलाड़ी उस सीरीज के दौरान ऐसा कर रहे थे, जब वे आउट होते थे, तो ड्रेसिंग रूम की तरफ देखते थे। हालांकि, स्मिथ ने बाद में इसे बकवास बताया था और बताया था कि उन्हें ब्रेन फेड हो गया था।
भारत ने जीता था मुकाबला
बेंगलुरु टेस्ट में टीम इंडिया ने जीत हासिल की थी। उस टेस्ट मैच में केएल राहुल ने अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने पहली पारी में 90 और दूसरी पारी में 51 रन बनाए थे। 188 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलियाई टीम 112 रनों पर सिमट गई और टीम इंडिया ने मैच को 75 रनों से अपने नाम कर लिया।



