होम उत्तर प्रदेश नारी सशक्तीकरण से समृद्धि की राह पर उत्तर प्रदेश : योगी आदित्यनाथ

नारी सशक्तीकरण से समृद्धि की राह पर उत्तर प्रदेश : योगी आदित्यनाथ

0
(फाइल फोटो)

लखनऊ, 18 अक्टूबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि समाज की वास्तविक उन्नति तभी संभव है, जब महिलाएं स्वस्थ, सुरक्षित, शिक्षित और आत्मनिर्भर हों।प्रदेश सरकार नारीशक्ति को विकास का सक्रिय भागीदार बनाकर उनके सम्मान, सुरक्षा, पोषण और आर्थिक स्वावलंबन के अवसरों का विस्तार कर रही है।

    मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी टिप्पणी में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश की डबल इंजन सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से काम कर रही है।

    योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले बच्चों के पोषण से जुड़ी व्यवस्था में अनियमितताओं की स्थिति थी। प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद टेक होम राशन के उत्पादन और वितरण की जिम्मेदारी स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को सौंपी गई। इससे व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ी और महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन को प्रोत्साहन मिला। साथ ही, पोषण सेवाओं को मजबूत करने और कुपोषण के खिलाफ अभियान को प्रभावी बनाने में मदद मिली।

    उन्होंने बताया कि बच्चों के पोषण और प्रारंभिक शिक्षा में अहम भूमिका निभाने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय 3,000 रुपये से बढ़ाकर 12,000 रुपये प्रतिमाह किया गया है। इसके साथ ही उन्हें स्वास्थ्य बीमा का लाभ देकर सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में कदम उठाए गए हैं।

    मुख्यमंत्री के मुताबिक, बलिनी, सामर्थ्य, काशी, बाबा गोरखनाथ और सृजनी जैसी दुग्ध उत्पादक कंपनियों से जुड़कर 31 जिलों की चार लाख से अधिक महिलाएं दुग्ध उत्पादन के जरिए आय अर्जित कर रही हैं। इससे महिलाओं की उद्यमिता को बढ़ावा मिलने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल रही है।

     उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों में बीसी सखी पहल ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने और वित्तीय सेवाओं की पहुंच बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। प्रदेश में 1.20 करोड़ से अधिक महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी हैं। वहीं, लखपति दीदी पहल महिलाओं को नियमित आय के अवसर उपलब्ध कराकर आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में सहायक हो रही है।

     योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य महिलाओं को सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता के अधिक अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने सशक्त नारी को समृद्ध उत्तर प्रदेश की आधारशिला बताया।