रायपुर, 18 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के पूर्व खाद्य मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता मोहम्मद अकबर ने जीवित महिला को सरकारी रिकॉर्ड में मृत दर्शाकर अंत्योदय राशन कार्ड निरस्त करने के मामले में जांच और कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने रायपुर के सुभाष नगर निवासी साकरा बानो का मामला उठाते हुए उनका राशन कार्ड तत्काल बहाल करने की मांग की।
श्री अकबर ने आज यहां जारी बयान में बताया कि लोकसभा में दिए गए आंकड़ों के अनुसार, छत्तीसगढ़ में वर्ष 2024 में 57,371 और वर्ष 2025 में 60,496 राशन कार्ड निरस्त किए गए। इस तरह दो वर्षों में कुल 1,17,867 राशन कार्ड निरस्त हुए। उन्होंने सवाल उठाया कि इतनी बड़ी संख्या में कार्ड निरस्त करने के लिए क्या प्रक्रिया अपनाई गई और पात्र परिवारों को अपनी बात रखने का अवसर दिया गया या नहीं।
उन्होंने खाद्य मंत्री से साकरा बानो के मामले की निष्पक्ष जांच कराने, जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करने और निरस्त राशन कार्डों की समीक्षा करने की मांग की। अकबर ने कहा कि सरकारी रिकॉर्ड की त्रुटियों के कारण किसी भी पात्र परिवार को खाद्य सुरक्षा के अधिकार से वंचित नहीं किया जाना चाहिए।




