होम छत्तीसगढ़ छत्तीसगढ़ के रेल नेटवर्क को बड़ी सौगात, पहली बार रावघाट पहुंची ट्रेन

छत्तीसगढ़ के रेल नेटवर्क को बड़ी सौगात, पहली बार रावघाट पहुंची ट्रेन

0

रायपुर, 20 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की  उपस्थिति में ताड़ोकी–रावघाट तथा अभनपुर–कुरूद ब्रॉडगेज रेल लाइन का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर रावघाट–रायपुर और रायपुर–कुरूद नई यात्री रेल सेवाओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। साथ ही, रायपुर में इलेक्ट्रिक रेल इंजन मेंटेनेंस फैसिलिटी की आधारशिला भी रखी गई।रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम में शामिल हुए।

     आजादी के बाद पहली बार रावघाट तक रेल पहुंचना दक्षिण छत्तीसगढ़ के दूरस्थ क्षेत्रों को रेल नेटवर्क से जोड़ने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। इन परियोजनाओं से क्षेत्र में यात्री सुविधाओं का विस्तार होने के साथ ही व्यापार, उद्योग और आर्थिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।

    मुख्यमंत्री साय ने नई रेल परियोजनाओं और यात्री सेवाओं के शुभारंभ के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति छत्तीसगढ़ की तीन करोड़ जनता की ओर से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के कुशल नेतृत्व में राज्य में रेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्यों को निरंतर गति मिल रही है।

      मुख्यमंत्री ने बताया कि चालू वर्ष में छत्तीसगढ़ को रेल बजट के तहत 7,000 करोड़ रुपये से अधिक की राशि प्राप्त हुई है। यह राज्य में रेल अवसंरचना के विस्तार, बेहतर कनेक्टिविटी और यात्री सुविधाओं के विकास के प्रति केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन परियोजनाओं के शुरू होने से राज्य के दूरस्थ क्षेत्रों में रेल संपर्क बेहतर होगा और औद्योगिक, व्यापारिक तथा सामाजिक-आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।

        रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अपने संबोधन में छत्तीसगढ़ की जनता को नई रेल परियोजनाओं और रावघाट–रायपुर तथा रायपुर–कुरूद यात्री रेल सेवाओं के शुभारंभ पर बधाई दी।

       उन्होंने कहा कि राज्य में रेल कनेक्टिविटी को मजबूत बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर काम किया गया है। इनमें दल्लीराजहरा–रावघाट नई रेल लाइन, केंद्री–अभनपुर–राजिम–धमतरी आमान परिवर्तन तथा विभिन्न मल्टीट्रैकिंग परियोजनाएं शामिल हैं।

      रेल मंत्री ने बताया कि खरसिया–परमालकसा डबल लाइन परियोजना पर भी काम जारी है। इसके अलावा, पेंड्रारोड–बिलासपुर–उसलापुर तीसरी रेल लाइन परियोजना को हाल ही में केंद्रीय मंत्रिमंडल की मंजूरी मिली है। इन परियोजनाओं से राज्य में रेल परिवहन की क्षमता बढ़ेगी, यात्री सुविधाओं का विस्तार होगा और औद्योगिक एवं आर्थिक विकास को प्रोत्साहन मिलेगा।

    रायपुर में इलेक्ट्रिक रेल इंजन मेंटेनेंस फैसिलिटी का शिलान्यास रेलवे की परिचालन क्षमता को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इस सुविधा के विकसित होने पर 300 हाई हॉर्सपावर इलेक्ट्रिक रेल इंजनों के रखरखाव की क्षमता तैयार होगी।

   इससे इलेक्ट्रिक रेल इंजनों की उपलब्धता बढ़ाने, उनके नियमित रखरखाव और रेल परिचालन को अधिक सुचारु बनाने में मदद मिलेगी। साथ ही, देश में बढ़ती माल परिवहन आवश्यकताओं को पूरा करने और औद्योगिक वस्तुओं की ढुलाई को समर्थन देने में भी यह सुविधा महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

    रायपुर रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में सांसद लक्ष्मी वर्मा, बृजमोहन अग्रवाल और रूपकुमारी चौधरी सहित विधायक राजेश मूणत, पुरंदर मिश्रा और मोतीलाल साहू उपस्थित रहे। वहीं, रावघाट रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में सांसद भोजराज नाग, विधायक विक्रम उसेंडी तथा अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।