होम छत्तीसगढ़ बीटीआई ग्राउंड पर कमर्शियल-रेसीडेंशियल प्रोजेक्ट का कांग्रेस ने किया विरोध

बीटीआई ग्राउंड पर कमर्शियल-रेसीडेंशियल प्रोजेक्ट का कांग्रेस ने किया विरोध

0

रायपुर, 21 अक्टूबर। राजधानी रायपुर के शंकर नगर स्थित बीटीआई ग्राउंड में कमर्शियल और रेसीडेंशियल प्रोजेक्ट विकसित करने की सरकार की योजना का कांग्रेस ने विरोध किया है।

       प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने आज यहां जारी बयान में कहा कि राजधानी में खुले मैदानों की पहले से ही कमी है। ऐसे में बचे-खुचे मैदानों पर निर्माण कराकर उन्हें खत्म करना जनहित के खिलाफ है। उन्होंने सरकार से बीटीआई ग्राउंड पर व्यावसायिक और आवासीय निर्माण की योजना पर पुनर्विचार करने तथा नागरिकों की जरूरतों को प्राथमिकता देने की मांग की।

      श्री शुक्ला ने कहा कि बीटीआई ग्राउंड शंकर नगर क्षेत्र का एकमात्र प्रमुख खुला मैदान है। यहां राजधानी के लोग सुबह-शाम सैर करने आते हैं। इसके अलावा मैदान में विभिन्न सामाजिक, सार्वजनिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी होता है। ऐसे महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थल पर कमर्शियल और रेसीडेंशियल प्रोजेक्ट विकसित करना उचित नहीं है। सरकार को बिल्डर की भूमिका निभाने के बजाय अपने सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।

       कांग्रेस नेता ने कहा कि रायपुर में खुले मैदानों की कमी लंबे समय से बनी हुई है। पूर्ववर्ती भाजपा सरकारों के कार्यकाल में स्कूलों के कई मैदानों पर दुकानें और अन्य निर्माण कराए गए, जिससे इन सार्वजनिक स्थलों का अस्तित्व सिमटता चला गया। उन्होंने साइंस कॉलेज मैदान, सप्रे स्कूल, आरडी तिवारी स्कूल, मोवा स्कूल और अन्य शासकीय स्कूलों के मैदानों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन मैदानों की स्थिति पहले ही प्रभावित हो चुकी है। अब बीटीआई ग्राउंड को भी निर्माण की भेंट चढ़ाना उचित नहीं है।

      श्री शुक्ला ने कहा कि बीटीआई ग्राउंड बच्चों के खेलकूद के लिए आरक्षित है। ऐसे में सरकार इसका व्यावसायिक उपयोग कैसे कर सकती है? उन्होंने आरोप लगाया कि राजस्व अर्जित करने की होड़ में सरकार राजधानी के आम नागरिकों से जरूरी सार्वजनिक सुविधाएं छीनने का काम कर रही है।