होम छत्तीसगढ़ दिल्ली रैली के लिए कांग्रेस को स्पेशल ट्रेन देने से रेलवे का...

दिल्ली रैली के लिए कांग्रेस को स्पेशल ट्रेन देने से रेलवे का इनकार

0

रायपुर, 26 अक्टूबर। इंडिया गठबंधन और कांग्रेस की ओर से आगामी 1 नवंबर को दिल्ली में आयोजित होने वाली ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली को लेकर छत्तीसगढ़ में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। प्रदेश कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि रैली में लोगों की भागीदारी रोकने के लिए केंद्र की मोदी सरकार सत्ता का दुरुपयोग कर रही है। कांग्रेस का दावा है कि रेलवे ने पहले स्पेशल ट्रेन उपलब्ध कराने पर सहमति जताई थी, लेकिन अब ट्रेन देने में असमर्थता जाहिर कर दी है।

      प्रदेश कांग्रेस के अनुसार, छत्तीसगढ़ से बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता दिल्ली रैली में शामिल होने की तैयारी कर रहे हैं। इसी सिलसिले में प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू ने स्पेशल ट्रेन उपलब्ध कराने के लिए रेलवे को पत्र लिखा था।

      कांग्रेस का कहना है कि रेलवे ने उसकी मांग पर सहमति जताते हुए स्पेशल ट्रेन के संचालन का अनुमानित खर्च भी बताया था। पार्टी ने इस खर्च का भुगतान करने की सहमति दे दी थी। हालांकि, 26 अक्टूबर को रेलवे की ओर से कांग्रेस कार्यालय को पत्र भेजकर स्पेशल ट्रेन उपलब्ध कराने में असमर्थता जता दी गई।

     इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू ने केंद्र सरकार पर राजनीतिक दबाव बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा की केंद्र सरकार कितनी भी बाधाएं खड़ी कर ले, छत्तीसगढ़ के कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में दिल्ली पहुंचकर ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली में शामिल होंगे।

     गैदू ने कहा कि स्पेशल ट्रेन नहीं मिलने से पार्टी की तैयारियों पर कोई असर नहीं पड़ेगा। कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता नियमित ट्रेनों, स्पेशल बसों, हवाई यात्रा तथा निजी वाहनों से सड़क मार्ग के जरिए दिल्ली पहुंचेंगे।

      कांग्रेस ने रेलवे के फैसले को रैली में भागीदारी प्रभावित करने की कोशिश बताया है। पार्टी का कहना है कि स्पेशल ट्रेन की व्यवस्था नहीं होने के बावजूद कार्यकर्ताओं का दिल्ली पहुंचने का सिलसिला जारी रहेगा और 1 नवंबर की रैली में छत्तीसगढ़ की प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।