रायपुर, 26 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा की नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी स्मृति इरानी के दौरे के दौरान पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को कार्यालय से दूर रहने के कथित निर्देशों पर सवाल उठाए हैं।
श्री बैज ने आज यहां जारी बयान में आरोप लगाया कि भाजपा नेतृत्व अपने ही कार्यकर्ताओं के आक्रोश का सामना करने से बच रहा है। बैज ने कहा कि साय सरकार के पौने तीन साल के कार्यकाल में भाजपा कार्यकर्ताओं में असंतोष बढ़ा है और पार्टी के भीतर गुटबाजी भी सामने आ रही है।
श्री बैज ने स्मृति इरानी से महंगाई और मोदी की गारंटी के तहत किए गए वादों पर जवाब मांगते हुए कहा कि उन्होंने पहले महंगाई के खिलाफ आंदोलन किए थे। अब उन्हें छत्तीसगढ़ की जनता को बताना चाहिए कि गैस सिलेंडर 500 रुपये में देने, 35 रुपये प्रति लीटर पेट्रोल-डीजल उपलब्ध कराने और प्रत्येक विवाहित महिला को महतारी वंदन योजना का लाभ देने के वादे कब पूरे होंगे। उन्होंने कहा कि खाद्य तेल, शक्कर, राशन, कपड़े और दवाइयों की बढ़ती कीमतों से आम जनता परेशान है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने राज्य सरकार पर कानून-व्यवस्था बिगड़ने, महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ने, अवैध नशे और भ्रष्टाचार को लेकर भी आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि स्मृति इरानी केंद्रीय नेतृत्व की प्रतिनिधि के रूप में छत्तीसगढ़ आई हैं, इसलिए उन्हें राज्य सरकार को चुनावी वादे पूरे करने और जनता के प्रति जवाबदेही निभाने की याद दिलानी चाहिए।




