MainSlideछत्तीसगढ़

सर्वाधिक मूल्य की लघु वनोपजों की खरीद करने वाला राज्य बना छत्तीसगढ़

रायपुर 30 अप्रैल। छत्तीसगढ़ में अब तक 18 करोड़ 63 लाख रूपए से अधिक मूल्य की लघु वनोपजों की वनवासियों और ग्रामीणों से खरीदी की गई है, जो देश के सभी राज्यों में सर्वाधिक है।

“द ट्राइबल कोऑपरेटिव मार्केटिंग डेवलपमेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया” (ट्राईफेड) द्वारा जारी किए गए आंकड़ो के अनुसार पूरे देश में अब तक 18 करोड़ 67 लाख 26 हजार रूपए मूल्य की लघु वनोपजों की खरीदी की गई है, इसमें से अकेले छत्तीसगढ़ में 18 करोड़ 63 लाख 82 हजार रूपए मूल्य की लघु वनोपजों की खरीदी की गई है। झारखण्ड में 3 लाख 39 हजार रूपए और ओड़िसा में 5 हजार रूपए की लघु वनोपजों की खरीदी की गई है।

प्रदेश में लघु वनोपजों का यह आंकड़ा लगतार बढ़ रहा है। राज्य सरकार के ताजा आंकड़ों के अनुसार चालू सीजन के दौरान छत्तीसगढ़ में अब तक एक लाख 32 हजार 272 संग्रहकों से लगभग 21 करोड़ रूपए मूल्य की 72 हजार 727 क्विंटल लघु वनोपजों का संग्रहण किया जा चुका है।

प्रदेश में वर्ष 2015 से वर्ष 2018 तक मात्र सात वनोपजों की समर्थन मूल्य पर खरीदी की जा रही थी। वर्तमान में राज्य सरकार द्वारा वनवासी ग्रामीणों के हित को ध्यान में रखते हुए खरीदी जाने वाली लघु वनोपजों की संख्या बढ़ाकर 22 कर दी गई थी, जिसे अब बढ़ाकर 23 कर दिया गया है।

Related Articles

Back to top button