MainSlideछत्तीसगढ़

समाज की मजबूती के लिए आपसी सहयोग और भाईचारा जरूरी- भूपेश

रायपुर 13 फरवरी।छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा हैं कि समाज की एकता और मजबूती के लिए आपसी भाईचारा और सहयोग जरूरी है।सभी के एक होने से समाज में सामाजिक समरसता का विकास होगा।

श्री बघेल ने आज जिले के अल्दा में आयोजित छत्तीसगढ़ मनवा कुर्मी क्षत्रिय समाज के 75वें दो दिवसीय महाधिवेशन में को सम्बोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ कृषि प्रधान राज्य है और कुर्मी समाज कृषि क्षेत्र से मुख्यतः जुड़ा हुआ है। इस तरह छत्तीसगढ़ राज्य के विकास में मनवा कुर्मी समाज का महत्वपूर्ण योगदान है।उन्होने इस अवसर पर तिल्दा सामाजिक भवन और मंगल भवन के लिए 20-20 लाख रुपए और अल्दा में उप स्वास्थ्य केंद्र बनाने की घोषणा की।

उन्होने कहा कि उनकी सरकार सभी समाज के लोगों को साथ लेकर विकास की राह में आगे बढ़ रही है।राज्य स्थापना के स्वप्न देखने वाले पुरखों ने छत्तीसगढ़ के विकास की कल्पना संजोए थे। सरकार उन सपनों को साकार करने का काम कर रही है और राज्य की सांस्कृतिक विरासत को भी सहेज रही है।

श्री बघेल ने कहा कि राज्य में गोधन योजना से रोजगार और आय के नए स्रोत निकले हैं। अनेक लोग गोबर बेचकर और गोठन समिति के माध्यम से जैविक खाद बनाकर रोजगार के साथ-साथ लाभ भी कमा रहे हैं। महिला समूह आत्मनिर्भर बन रही है। प्रदेश में धान से एथेनॉल बनाने की दिशा में प्रोजेक्ट तैयार हो रहा है। इससे प्रदेश के लोगों के लिए नए रोजगार का सृजन होगा तथा लोगों के लिए आमदनी का जरिया बढ़ेगा और आत्मनिर्भर प्रदेश का निर्माण हो सकेगा।

मनवा कुर्मी समाज के केन्द्रीय अध्यक्ष डॉ. रामकुमार सिरमौर ने कहा कि समाज में सभी लोग ऐसे महत्वपूर्ण कार्य करें, जो सभी समाज को एक दिशा देते हुए राज्य का सर्वांगीण विकास करें। समाज और परिवार में संस्कारों के लिए भी प्रयास और काम होना चाहिए। इससे आने वाली पीढ़ी अपनी सामाजिक सांस्कृतिक विरासत से परिचित होगी और विभिन्न सामाजिक कुरीतियों से भी छुटकारा मिलेगा।

Related Articles

Back to top button