
रायपुर, 02 फरवरी।मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि छत्तीसगढ़ तेजी से विकसित प्रदेश बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।राज्य को हर क्षेत्र में आगे ले जाकर एक विकसित प्रदेश के रूप में स्थापित करना सरकार की प्राथमिकता है।
श्री साय ने कबीर धर्मनगर दामाखेड़ा में आयोजित संत समागम समारोह के लिए दी जाने वाली राशि को 50 लाख रुपये से बढ़ाकर 75 लाख रुपये करने की घोषणा की।श्री साय रविवार को माघ पूर्णिमा के अवसर पर कबीर धर्मनगर दामाखेड़ा में आयोजित सतगुरु कबीर संत समागम समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने पंथ उदित मुनि नाम साहेब एवं पंथ प्रकाश मुनि नाम साहेब को चादर एवं श्रीफल भेंट कर आशीर्वाद लिया तथा प्रदेश की खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री ने माघ पूर्णिमा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दामाखेड़ा का संत समागम समारोह हर वर्ष और अधिक भव्य होता जा रहा है, जो लोगों की बढ़ती आस्था का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कबीरपंथ का छत्तीसगढ़ के जनजीवन पर गहरा प्रभाव है, इसी कारण यहां के लोग शांति प्रिय हैं। उन्होंने बताया कि वे स्वयं बचपन से कबीरपंथ से परिचित रहे हैं और उनके गांव बगिया में भी 8 से 10 कबीरपंथी परिवार निवास करते हैं। उन्होंने दामाखेड़ा का नाम बदलकर कबीर धर्मनगर किए जाने के संबंध में कहा कि इसका राजपत्र में प्रकाशन हेतु अंतिम प्रक्रिया जारी है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि डबल इंजन सरकार का लाभ जनता को सीधे मिल रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि छत्तीसगढ़ के विकास में बाधक नक्सलवाद अब अंतिम चरण में है और इसे 31 मार्च 2026 तक प्रदेश से पूरी तरह समाप्त कर दिया जाएगा। सरकार जनता से किए गए वादों को तेज़ी से पूरा कर रही है।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि पंथ श्री उदित मुनि नाम साहेब का चादर तिलक समारोह अद्भुत और अलौकिक रहा। उन्होंने कहा कि पंथ श्री वृक्षारोपण, समाज सेवा, नशामुक्ति एवं युवा उत्थान के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे कबीर आश्रम के विकास कार्यों को लेकर सदैव चिंतित रहते हैं और इन्हें शीघ्र पूरा करने के निर्देश देते हैं।
CG News | Chhattisgarh News Hindi News Updates from Chattisgarh for India