मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रायपुर प्रेस क्लब द्वारा आयोजित नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के शपथ-ग्रहण समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने प्रेस क्लब के नवनिर्वाचित अध्यक्ष मोहन तिवारी सहित समस्त कार्यकारिणी को बधाई और शुभकामनाएं दीं। सीएम साय ने कहा कि प्रेस लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और पत्रकार लोकतंत्र के सच्चे सेनानी हैं। वे समाज के गरीब, वंचित और आमजन की आवाज को मजबूती से उठाने का कार्य करते हैं। साथ ही शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को जन-जन तक पहुँचाने में मीडिया की भूमिका बेहद अहम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रायपुर प्रेस क्लब का इतिहास गौरवशाली रहा है और यह देश के प्रतिष्ठित प्रेस क्लबों में शामिल है। उन्होंने विश्वास जताया कि नई कार्यकारिणी प्रेस क्लब की गरिमा और प्रतिष्ठा को और ऊँचाई तक ले जाएगी। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने नक्सलवाद पर भी बात करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार ने मजबूत रणनीति के तहत नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई की है। सुरक्षा बलों के साहस और पराक्रम के चलते नक्सलवाद अब समाप्ति की ओर है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का संकल्प है कि 31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद का पूरी तरह खात्मा कर दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पत्रकार कई बार कठिन और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में कार्य करते हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में महिलाएं भी पूरी जिम्मेदारी और साहस के साथ अपनी भूमिका निभा रही हैं, जो समाज के लिए गर्व की बात है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार चौथे स्तंभ की स्वतंत्रता और अधिकारों की हमेशा पक्षधर रही है। पिछले बजट में पत्रकारों के हित में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। पत्रकारों के विभिन्न समूहों को अध्ययन और भ्रमण के लिए देश के अलग-अलग हिस्सों में भेजा गया, जिसमें महिला पत्रकार भी शामिल थीं।
मुख्यमंत्री ने फेक न्यूज़ के बढ़ते चलन पर चिंता जताते हुए इसे गंभीर विषय बताया और कहा कि इस पर समाधान के लिए पत्रकार समुदाय को सकारात्मक पहल करनी होगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार पत्रकारों के साथ मजबूती से खड़ी है और प्रेस क्लब अध्यक्ष द्वारा रखी गई मांगों पर सकारात्मक विचार किया जाएगा।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि पत्रकार समाज के अभिन्न अंग हैं। पत्रकारों द्वारा उठाए गए मुद्दे समाजहित से जुड़े होते हैं और शासन-प्रशासन को जमीनी हकीकत समझने में मदद करते हैं। उन्होंने रायपुर प्रेस क्लब के विकास के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार हिमांशु द्विवेदी और प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम के दौरान बसंत वीर उपाध्याय की पुस्तक “आईएएस की तैयारी और श्रीरामचरितमानस” का विमोचन भी किया गया। समारोह में विधायक पुरंदर मिश्रा, मोतीलाल साहू, रायपुर महापौर मीनल चौबे, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार पंकज झा, सलाहकार कृष्णा दास सहित प्रशांत शर्मा, मोहित साहू, संदीप पौराणिक, अंशुमान शर्मा और बड़ी संख्या में वरिष्ठ पत्रकार उपस्थित रहे।
CG News | Chhattisgarh News Hindi News Updates from Chattisgarh for India