Wednesday , February 11 2026

प्रदेश में समय से पहले ही गर्मी की आहट, फरवरी में उतरे स्वेटर-जॉकेट

उत्तर प्रदेश में मौसम ने धीरे-धीरे करवट बदल ली है। पछुआ हवा की रफ्तार कमजोर पड़ने के साथ ही दिन के तापमान में लगातार तीसरे दिन बढ़ोतरी दर्ज की गई। हवा में फाल्गुन की हल्की गर्माहट साफ महसूस होने लगी है, जिससे फरवरी में ही मार्च जैसा अहसास हो रहा है। बुधवार को राजधानी लखनऊ सहित आसपास के जिलों में गर्मी का अहसास हुआ।

मंगलवार को तेज धूप निकलने से लोगों को दिन में गर्मी का अहसास हुआ। सुबह और रात की गलन अब कम होने लगी है। तराई क्षेत्र समेत पूरे प्रदेश से कोहरे की लगभग विदाई हो चुकी है, जिससे मौसम साफ और शुष्क बना हुआ है।

तापमान के लिहाज से मंगलवार को बांदा प्रदेश में सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वाराणसी में पारा 29.1 डिग्री और प्रयागराज में 28.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इन तीनों जिलों में दिन का तापमान 30 डिग्री के करीब पहुंचने के संकेत मिल रहे हैं।

आंचलिक माैसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार के अनुसार पछुआ कमजोर रहने और धूप तेज होने के कारण आने वाले दिनों में दिन के तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि, सुबह-शाम अभी हल्की ठंड बनी रहने की संभावना है।

धूप में बढ़ी तपिश, अभी और चढ़ेगा पारा

राजधानी में मंगलवार को भी धूप में तपिश महसूस हुई, साथ ही सुबह और शाम के समय ठंड में भी कमी दर्ज की गई। माैसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों में तापमान में और वृद्धि होगी, जिससे लोगों को गर्मी का अहसास होगा। इस बार मौसम में गर्माहट पिछले वर्ष की तुलना में जल्दी महसूस किया जा रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि फिलहाल पछुआ हवा कमजोर पड़ी है। इस वजह से तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी का सिलसिला जारी है। अगले सात दिन माैसम के शुष्क रहने के संकेत हैं। मंगलवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान बिना किसी बदलाव के 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान भी 10 डिग्री सेल्सियस पर स्थिर रहा।