
जशपुर, 15 फरवरी। विष्णुदेव साय ने कहा है कि मजबूत और संगठित समाज ही एक समृद्ध एवं सशक्त राष्ट्र की नींव रखता है। सामाजिक समरसता, जागरूकता और सामूहिक चिंतन के माध्यम से समाज को नई दिशा दी जा सकती है।
श्री साय जिले के कुनकुरी विकासखंड के ग्राम खारीझरिया में आयोजित झरिया यादव महासम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर खारीझरिया में मंगल भवन एवं सांस्कृतिक मंडप निर्माण की घोषणा की। साथ ही बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले समाज के प्रतिभावान विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ऐसे महासम्मेलन सामाजिक कुरीतियों को दूर करने और समाज को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाने का सशक्त मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार समाज के हर वर्ग के सम्मान, शिक्षा और समग्र विकास के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए उन्होंने समाज के प्रबुद्धजनों से आह्वान किया कि वे बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दिलाने का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के क्षेत्र में विशेष प्रयास कर रही है। आज प्रदेश के प्रत्येक विकासखंड में महाविद्यालय संचालित हो रहे हैं तथा मेडिकल, इंजीनियरिंग और लॉ जैसे महत्वपूर्ण संस्थान उपलब्ध हैं। साथ ही राष्ट्रीय महत्व के संस्थानों की स्थापना भी निरंतर की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने यादव समाज की गौसेवा की परंपरा की सराहना करते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के वंशज के रूप में समाज ने सदियों से गौवंश संरक्षण और सेवा का अनुकरणीय कार्य किया है। उन्होंने समाज से नशामुक्ति अभियान में भी सक्रिय भागीदारी निभाने और स्वस्थ, जागरूक एवं सशक्त समाज के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
CG News | Chhattisgarh News Hindi News Updates from Chattisgarh for India