जीवनशैली

सिर्फ बड़ों को ही नहीं, बच्चों को भी हो सकता है कैंसर, डॉक्टर ने बताए इसके 6 शुरुआती संकेत

कैंसर बच्चों को भी अपनी चपेट में ले सकता है। ऐसे में जरूरी है कि इसके शुरुआती लक्षणों के बारे में पेरेंट्स को जरूर पता हो, ताकि वक्त पर इसकी पहचान की जा सके। इस बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए हर साल 15 फरवरी को इंटरनेशनल चाइल्डहुड कैंसर डे मनाया जाता है।

कैंसर सिर्फ वयस्कों को ही नहीं, बल्कि बच्चों को भी अपना शिकार बना सकता है। 0-19 साल की उम्र में होने वाले कैंसर को चाइल्डहुड कैंसर कहा जाता है। हालांकि बच्चों में कैंसर वयस्कों की तुलना में काफी दुर्लभ है, लेकिन जल्द पहचान और समय पर इलाज जान बचाने में काफी मददगार साबित हो सकती है।

चाइल्डहुड कैंसर की सबसे बड़ी चुनौती यह है कि इसके लक्षण अक्सर आम बीमारियों, जैसे फ्लू या हल्की चोट से मिलते-जुलते होते हैं। इसलिए इसके लक्षणों के बारे में हर मात-पिता को जरूर पता होना चाहिए, ताकि वक्त रहते कैंसर का पता लगाया जा सके। आइए चाइल्डहुड कैंसर के कुछ शुरुआती लक्षणों के बारे में डॉ. सज्जन राजपुरोहित (डायरेक्टर एंड हेड- मेडिकल ऑन्कोलॉजी, मेदांता हॉस्पिटल, नोएडा) से जानते हैं।

इन 6 लक्षणों पर रखें पैनी नजर
लगातार बुखार और वजन में गिरावट- अगर बच्चे को बिना किसी इन्फेक्शन के बार-बार बुखार आ रहा है या उसका वजन अचानक तेजी से गिर रहा है, तो इसे नजरअंदाज न करें। भूख में कमी और लगातार सुस्ती भी इसी का हिस्सा हो सकते हैं।
असामान्य गांठ या सूजन- शरीर के किसी भी हिस्से, खासकर गर्दन, पेट, बगल या जांघ के आसपास कोई भी ऐसी गांठ लंबे समय से है या आकार में बढ़ रही हो, उसे डॉक्टर को दिखाएं।
हड्डियों और जोड़ों में दर्द- अगर बच्चा खेल-कूद के दौरान लगी किसी चोट के बिना ही हड्डियों में दर्द की शिकायत करता है, लंगड़ा कर चलता है या चलने से मना कर देता है, तो यह हड्डियों के कैंसर या ल्यूकेमिया का संकेत हो सकता है।
बार-बार सिरदर्द और उल्टी- सुबह के समय होने वाला तेज सिरदर्द, जिसके साथ अक्सर उल्टी भी हो, दिमाग से जुड़ी समस्याओं का संकेत हो सकता है।
त्वचा के रंग में बदलाव और ब्लीडिंग- बिना किसी चोट के शरीर पर नीले निशान पड़ना, मसूड़ों या नाक से खून आना और त्वचा का पीला पड़ना एनीमिया या ब्लड कैंसर के शुरुआती लक्षण हो सकते हैं।
व्हाइट रिफ्लेक्स- कैंसर का एक लक्षण आंखों में देखा जा सकता है। धुंधला दिखना या अगर आप बच्चे की फोटो खींचते हैं और फ्लैश के कारण उसकी पुतली में सफेद चमक दिखाई देती है, तो यह भी कैंसर का संकेत हो सकता है।

डॉक्टर से कब संपर्क करना चाहिए?
अगर ऊपर बताए गए लक्षण दो हफ्ते से ज्यादा समय तक बने रहें या लक्षण तेजी से बढ़ने लगें, तो आपको तुरंत डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए।

Related Articles

Back to top button