होम देश-विदेश एआई समिट में दिखा भारत का दम, पीएम मोदी बोले- पूरी दुनिया...

एआई समिट में दिखा भारत का दम, पीएम मोदी बोले- पूरी दुनिया ने की सामर्थ्य की सराहना

0

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हाल ही में संपन्न एआई इंपैक्ट समिट में भारत की क्षमता की दुनिया ने सराहना की। दिल्ली घोषणापत्र के साथ समाप्त हुए इस शिखर सम्मेलन में एआई को ‘वैश्विक सार्वजनिक हित’ बनाने पर सहमति बनी, जिसे 89 देशों ने समर्थन दिया।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को कहा कि हाल ही में संपन्न एआई इंपैक्ट समिट में पूरी दुनिया ने भारत की क्षमता की प्रशंसा की। राष्ट्रीय राजधानी में पिछले सप्ताह एआई इंपैक्ट समिट आयोजित किया गया था। इसका समापन दिल्ली घोषणापत्र के साथ हुआ।

यह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) पर वैश्विक सहयोग में महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। इसमें एआई को ‘वैश्विक सार्वजनिक हित’ बनाने पर सहमति बनी है। अमेरिका, ब्रिटेन, चीन, फ्रांस समेत 89 देशों व संगठनों ने इसका समर्थन किया है।

पूरी दुनिया ने की भारत की सराहना
प्रधानमंत्री ने एक्स पर पोस्ट किया, दिल्ली में हुए ऐतिहासिक एआई समिट में पूरी दुनिया ने भारत के साम‌र्थ्य की जमकर सराहना की है। इससे पता चलता है कि टेक्नोलाजी को लेकर हमारे युवा साथियों का सोच पूरी मानवता के बहुत काम आने वाला है।

इस सम्मेलन में शिरकत करने वाले नेताओं में संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरस, फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों, ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा, स्विस राष्ट्रपति गाई पार्मेलिन, मारीशस के प्रधानमंत्री नविनचंद्र रामगुलाम और दुनिया की प्रमुख तकनीकी कंपनियों के सीईओ शामिल थे।

दिल्ली घोषणापत्र
घोषणा-पत्र ‘वसुधैव कुटुंबकम’ और ‘सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय’ की भावना पर आधारित है। इसमें स्पष्ट किया गया है कि एआई के लाभ कुछ देशों या कंपनियों तक सीमित न रहकर पूरी मानवता के लिए सुलभ और किफायती होने चाहिए।