Friday , February 27 2026

हार्ट अटैक के खतरे को कम करते हैं ये खास फूड्स

हार्ट हेल्थ के लिए कोलेस्ट्रॉल का स्तर बेहद जरूरी है, खासकर गुड कोलेस्ट्रॉल कहे जाने वाले एचडीएल का स्तर ज्यादा होना और बैड कोलेस्ट्रॉल (LDL) का कम होना।

सामान्यतौर पर पुरुषों में जहां एचडीएल 40 से ऊपर होना चाहिए, वहीं महिलाओं में 50 से ऊपर। आइए, जानते हैं एचडीएल को बढ़ाने के लिए किस तरह के हेल्दी फैट्स और डाइट की जरूरत होती है।

ये फैट्स हैं जरूरी
मोनोसैचुरेटेड फैट्स: इसे प्लांट बेस्ड चीजों से ले सकते हैं।
पॉलीसैचुरेटेड फैट्स: इसका मुख्य स्रोत ऑयली फिश और कई प्रकार की प्लांट बेस्ड चीजें होती हैं।
ओमेगा-3 फैटी एसिड्स: यह एचडीएल को बढ़ाने के साथ-साथ ट्राइग्लिसराइड को भी कम करता है, जो कि हार्ट के लिए एक और खतरा माना जाता है।

डाइट में शामिल करें ये चीजें
फैटी फिश: कुछ खास प्रकार की मछलियों में भरपूर मात्रा में ओमेगा-3 पाया जाता है। लेकिन ये फिश एचडीएल को बढ़ाने में भी मदद करती हैं। इसे हफ्ते में कम से कम दो बार जरूर लें। सैल्मन, हिल्सा, बांगड़ा और एंकोवी कुछ ऐसी मछलियां हैं, जिनमें ओमेगा-3 ज्यादा मात्रा में पाया जाता है, लेकिन मरक्यूरी का खतरा कम होता है।
अलसी के बीज: इन छोटे-छोटे बीजों में ओमेगा-3 की भरपूर मात्रा के साथ-साथ सॉल्यूबल फाइर्ब्स भी होता है, जोकि बैड कोलेस्ट्रॉल को कम करता है। इससे खून में एचडीएल और एलडीएल का एक हेल्दी बैलेंस बना रहता है।
नट्स: हेल्दी फैट्स के अच्छे स्रोत माने जाने वाले नट्स सीधे तौर पर एचडीएल को तो नहीं बढ़ाते, लेकिन रिचर्स बताती है कि इससे एचडीएल बेहतर काम करता है। यानी यह लिवर से बैड कोलेस्ट्रॉल को ज्यादा प्रभावी तरीके से बाहर निकालता है और उसका स्तर कम होने लगता है। अखरोट, बादाम और पिस्ता सबसे बेहतर नट्स माने जाते हैं।
एक्स्ट्रा वर्जिन ऑलिव ऑयल: यह कई रूपों में आपके हार्ट को फायदा पहुंचाता है। जैसे एचडीएल के स्तर को बढ़ाना और एलडीएल को कम करना। यदि आप कुकिंग में इसका इस्तेमाल नहीं कर रहे तो आप सलाद के ऊपर ड्रेसिंग के तौर पर ले सकते हैं।
सतरंगी फलों का टोकरा: वैसे तो गुड कोलेस्ट्रॉल को बढ़ाने के लिए हर रंग के फल और सब्जियों को खाने की सलाह दी जाती है। लेकिन सेब, बेरीज जैसे फाइबर युक्त फल ज्यादा फायदेमंद होते हैं। इसे आप शाम के स्नैक के तौर पर ले सकते हैं। इसके साथ ही हर रंग की शिमला मिर्च, शकरकंद, ग्रेपफ्रूट भी एचडीएल को बढ़ाने में मददगार माने जाते हैं।