‘युद्ध का कोई उद्देश्य साफ नहीं’: पूर्व अमेरिकी NSA ने ईरान से जंग पर जताई चिंता

पश्चिम एशिया में जारी भीषण संघर्ष के बीच अमेरिका के पूर्व राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जैक सुलिवन का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने ट्रंप प्रशासन के ईरान के साथ युद्ध को लेकर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा है कि युद्ध एक स्पष्ट रणनीतिक उद्देश्य के बिना भटक सकता है, भले ही अमेरिकी सैन्य अभियान सामरिक स्तर पर सफल दिख रहे हों। इसके साथ ही सीएनएन के ‘फरेद जकारिया जीपीएस’ पर बोलते हुए सुलिवन ने अमेरिकी सेना के असाधारण प्रदर्शन की सराहना की, लेकिन युद्ध के अंतिम लक्ष्यों की स्पष्टता पर सवाल उठाया।
सुलविन ने कहा कि यह देखकर खुशी होती है कि अमेरिकी सेना असाधारण है। यह सामरिक उद्देश्यों को प्राप्त करने, कुशलता, व्यावसायिकता और साहस के साथ अभियानों को अंजाम देने में असाधारण है। हालांकि, उन्होंने आगाह किया कि युद्ध का रणनीतिक उद्देश्य अभी भी अस्पष्ट बना हुआ है।
हम अमेरिकी सेना को खतरे में डाल रहे- सुलविन
सुलिवन ने आगे कहा कि निराशाजनक बात यह है कि हम अमेरिकी सेना को खतरे में डाल रहे हैं, और हमने पहले ही छह सेवा सदस्यों को खो दिया है, जो एक पूरी तरह से अस्पष्ट उद्देश्य की ओर इशारा करता है।” उनके अनुसार, प्रशासन ने युद्ध के लिए कई स्पष्टीकरण दिए हैं, लेकिन इसके अंतिम परिणाम को स्पष्ट रूप से परिभाषित नहीं किया है।




