
छत्तीसगढ़ की बेटी और भारतीय महिला क्रिकेट टीम की फिजियोथेरेपिस्ट आकांक्षा सत्यवंशी का मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सम्मान किया। नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में आयो जित कार्यक्रम में उन्हें टाटा सिएरा कार भेंट की गई। मुख्यमंत्री ने आकांक्षा को बधाई देते हुए कहा कि देश की बेटियों ने विश्व कप जीतकर भारत का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने महिला क्रिकेट टीम के सम्मान में कार उपहार देने की पहल के लिए टाटा मोटर्स की सराहना की।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है और राज्य सरकार खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। खेल अधोसंरचना के विकास से प्रदेश के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण मिल रहा है, जिससे वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि बस्तर ओलंपिक और सरगुजा ओलंपिक जैसे आयोजनों के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों के युवाओं को भी खेलों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही राज्य को नेशनल ट्राइबल गेम्स की मेजबानी मिलने से खेलों के प्रति सकारात्मक माहौल बन रहा है। इस अवसर पर आकांक्षा सत्यवंशी ने कहा कि विश्व कप जीतने के बाद मुख्यमंत्री ने पूरी टीम का उत्साहवर्धन किया था और उन्हें व्यक्तिगत रूप से मिलने के लिए आमंत्रित किया। उनके अनुसार मुख्यमंत्री का स्नेह और प्रोत्साहन हमेशा खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाता है।
आकांक्षा ने कहा कि मुख्यमंत्री से मिला यह सम्मान उनके लिए बेहद खास और यादगार पल है। उन्होंने भारतीय महिला क्रिकेट टीम के साथ विश्व कप जीत की यात्रा और फिजियोथेरेपिस्ट के रूप में अपनी भूमिका से जुड़े अनुभव भी साझा किए। गौरतलब है कि भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने पिछले वर्ष आईसीसी महिला विश्व कप 2025 में ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी। इस उपलब्धि के सम्मान में टाटा मोटर्स ने टीम के खिलाड़ियों को टाटा सिएरा एसयूवी भेंट करने की घोषणा की थी। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ की निवासी और टीम की फिजियोथेरेपिस्ट आकांक्षा सत्यवंशी को भी यह सम्मान दिया गया।




