पाकिस्तान सुपर लीग में डेविड वॉर्नर-मोइन अली के बीच हुआ विवाद

पाकिस्तान सुपर लीग में कराची किंग्स के कप्तान डेविड वॉर्नर और दिग्गज ऑलराउंडर मोइन अली के बीच विवाद हो गया। रावलपिंडी में खेले गए मुकाबले में एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें दिखा कि वॉर्नर अपने ऑलराउंडर मोइन अली पर भड़क गए। रणनीति प्रमुख और टीम निदेशक हैदर अजहर ने बीच-बचाव किया।
बता दें कि कराची किंग्स ने रावलपिंडी को पांच विकेट से पटखनी दी। डेविड वॉर्नर का मोइन अली से विवाद क्यों हुआ, इसका कारण अब तक पता नहीं चला है। जानकारी बस इतनी मिली है कि वॉर्नर इस बात से नाराज थे कि मोइन अली ने अहम मौके पर अपना विकेट गंवा दिया। हालांकि, अब्बास अफरीदी ने छक्का जड़कर कराची की जीत पक्की की।
वॉर्नर-अली के बीच विवाद से फैंस में खासी नाराजगी रही। कई फैंस ने दावा किया कि दो सीनियर खिलाड़ियों के बीच विवाद टीम के लिए अच्छे संकेत नहीं है। इस पर वॉर्नर ने सफाई दी है। उनका दावा है कि ऐसा कुछ नहीं हुआ था। इसके बाद यूजर का कहना है कि ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी झूठ बोल रहे हैं।
वॉर्नर ने दी सफाई
कराची किंग्स के कप्तान डेविड वॉर्नर ने सोशल मीडिया यूजर्स को जवाब देते हुए इस मामले पर अपनी सफाई पेश की। एक यूजर को जवाब देते हुए वॉर्नर ने कहा, ‘मैंने हैदर अजहर को पहले जाकर हाथ मिलाने के लिए कहा था।’ इसके अलावा एक और यूजर को वॉर्नर ने जवाब दिया, ‘सच नहीं है। दोनों मेरा मजा उड़ाक रहे थे।’
कराची किंग्स की हैट्रिक पूरी
बता दें कि कराची किंग्स ने इस जीत के साथ जीत की हैट्रिक लगाई। उसने रावलपिंडी को चार गेंदें शेष रहते पांच विकेट से मात दी। कराची ने इससे पहले क्वेटा ग्लेडिएटर्स और लाहौर कलंदर्स को मात दी थी।
टॉप पर कराची किंग्स
जीत की हैट्रिक लगाने वाली कराची किंग्स की टीम पाकिस्तान सुपर लीग 2026 की प्वाइंट्स टेबल में शीर्ष स्थान पर काबिज है। मुल्तान सुल्तांस की टीम दो जीत के साथ दूसरे स्थान पर है। पेशावर जल्मी की टीम तीसरे स्थान पर काबिज हैं। लाहौर कलंदर्स और क्वेटा ग्लेडिएटर्स ने क्रमश: चौथा और पांचवां स्थान हासिल किया। इस्लामाबाद यूनाइटेड और रावलपिंडी या हैदराबाद किंग्समीड को खाता खोलने की दरकार है।




