होम छत्तीसगढ़ वेदांता पावर प्लांट हादसे की जांच के आदेश, 30 दिनों में रिपोर्ट...

वेदांता पावर प्लांट हादसे की जांच के आदेश, 30 दिनों में रिपोर्ट देगी कमेटी

0

रायपुर, 18 अप्रैलछत्तीसगढ़ सरकार ने सक्ती जिले के डभरा तहसील अंतर्गत सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर लिमिटेड में हुए भीषण हादसे की जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। इस दुर्घटना को गंभीरता से लेते हुए राज्य सरकार ने बिलासपुर संभाग के आयुक्त को जांच अधिकारी नियुक्त किया है।

     गौरतलब है कि गत 14 अप्रैल को प्लांट की बॉयलर यूनिट-1 में स्टीम पाइप से जुड़े वाटर सप्लाई पाइप के ज्वाइंट में तकनीकी खराबी के चलते बड़ा हादसा हुआ। इस दुर्घटना में कई श्रमिकों की जान चली गई, जबकि अनेक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।

    सरकार द्वारा गठित जांच में यह पता लगाया जाएगा कि घटना कब और किन परिस्थितियों में हुई, इसके पीछे के वास्तविक कारण क्या थे और भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए क्या कदम उठाए जा सकते हैं।

    जारी आदेश के अनुसार, जांच अधिकारी को 30 दिनों के भीतर अपनी विस्तृत रिपोर्ट राज्य शासन को सौंपनी होगी।

    इस मामले में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जांच निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरी की जाए तथा हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।